हाथरस में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में

हाथरस: संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटका मिला युवक का शव

घटनास्थल पर जांच करती पुलिस

हाथरस (उत्तर प्रदेश)। जिले के सादाबाद थाना क्षेत्र के कजरौठी गांव से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां विकास पुत्र मलिखान सिंह का शव गुरुवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटका मिला। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने तत्काल डायल 112 और स्थानीय पुलिस चौकी को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।

युवक की मौत का कारण स्पष्ट नहीं

फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। परिजनों के अनुसार, विकास अपनी पत्नी माधुरी देवी और दो छोटे बच्चों के साथ रहता था। वह मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार की जिम्मेदारी संभालने वाले विकास की अचानक मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

परिजनों के सामने आर्थिक संकट गहराया

पिता की मौत के बाद दोनों मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया, वहीं पत्नी माधुरी देवी के सामने भी जीवन की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। परिवार की आर्थिक स्थिति भी चिंता का विषय है। विकास के बुजुर्ग पिता मलिखान सिंह उम्र के इस पड़ाव पर भी मजदूरी करने को मजबूर हैं, जबकि उसकी मां बीमार रहती हैं। ऐसे में परिवार के सहारे की असमय मौत से परिजनों के सामने आर्थिक संकट गहराने की आशंका है।

गांव में शोक का माहौल

घटना के बाद से  है। ग्रामीण शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। इस संबंध में चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।

यह भी पढ़ेंः औरंगाबाद: तालाब में डूबने से कानपुर निवासी 36 वर्षीय युवक की मौत