अमेठी में झोलाछाप डॉक्टरों पर स्वास्थ्य विभाग का शिकंजा, 6 दुकानें बंद
अमेठी (उत्तर प्रदेश)। जिले में झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। सीएमओ के निर्देश पर गठित स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अमेठी कस्बे और आसपास के इलाकों में कई स्थानों पर छापेमारी की। जांच के दौरान अनियमितताएं मिलने पर छह दुकानों को बंद करा दिया गया, जबकि पांच संचालकों को नोटिस जारी किया गया है।
झोलाछाप डॉक्टरों में मचा हड़कंप
स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के बाद झोलाछाप डॉक्टरों में हड़कंप मचा हुआ है। जांच के दौरान टीम को कई ऐसे प्रतिष्ठान मिले, जहां मेडिकल स्टोर का लाइसेंस लेकर मरीजों का इलाज किए जाने की शिकायत सामने आई। इन दुकानों पर मरीजों की लंबी कतारें लगी रहती थीं और बाकायदा क्लिनिक की तरह संचालन किया जा रहा था।
विभिन्न डॉक्टर को दिया नोटिस
सीएमओ अंशुमान सिंह के निर्देश पर टीम ने मुंशीगंज रोड, ककवा रोड समेत कई स्थानों पर जांच की। नोटिस पाने वालों में मुंशीगंज रोड स्थित डॉक्टर नुरुल हसन, डॉक्टर तुफैल, अंसारी क्लिनिक के डॉक्टर नुरुल इस्लाम, दीपक मेडिकल स्टोर और ककवा रोड स्थित डॉक्टर गोपाल शामिल हैं।
जांच के दौरान मानकों के विपरीत उपचार पर कार्रवाई
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान मानकों के विपरीत मरीजों का उपचार करने वाले प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई है। छह दुकानों को मौके पर ही बंद करा दिया गया, जबकि अन्य मामलों में नोटिस देकर संबंधित संचालकों से जवाब मांगा गया है।
छह झोलाछाप डॉक्टरों की दुकानें को बंद
सीएमओ अंशुमान सिंह ने बताया कि छह झोलाछाप डॉक्टरों की दुकानों को बंद कराया गया है और कई लोगों को नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि कुछ संचालक मेडिकल स्टोर का लाइसेंस लेकर चिकित्सकीय प्रैक्टिस कर रहे हैं। ऐसे मामलों में ड्रग विभाग को भी अपने स्तर से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करनी चाहिए।
यह भी पढ़ें: शिवपुरी में मंदिर के सामने खड़ी मोटरसाइकिल में लगी भीषण आग, बाइक जलकर खाक