मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप, कई शहरों में पारा 42 डिग्री के पार
भोपाल (एमपी)। मध्य प्रदेश में गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाना शुरू कर दिए हैं। राज्य के कई शहरों में पारा 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। शुक्रवार को सीजन में पहली बार तापमान 43.2°C तक जा पहुँचा, जिसने आम जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है।
छतरपुर का खजुराहो सबसे गर्म
छतरपुर जिले का खजुराहो शुक्रवार को राज्य में सबसे गर्म रहा। यहां तापमान 43.2°C दर्ज किया गया। इसके साथ ही प्रदेश के प्रमुख शहर जबलपुर में गर्मी का प्रकोप भोपाल और इंदौर से भी अधिक देखा गया। जबलपुर में पारा 42°C रहा, जबकि भोपाल, ग्वालियर और इंदौर में भी तापमान में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई।
राज्य के 9 शहरों में तापमान 42 डिग्री पार
राज्य के कुल 9 शहरों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकॉर्ड किया गया। इसमें उमरिया (42.9°C), टीकमगढ़ (42.8°C) और मंडला (42.5°C) जैसे शहर शामिल हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार को राज्य के 16 जिलों में 'लू' चलने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने अलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, धार, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्ना, सिवनी, मंडला, बालाघाट, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्नाजिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
ऐसे बचाएं अपने आपको
बढ़ती गर्मी और लू को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को दोपहर के समय खासकर 12 से 4 बजे के बीच अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। पर्याप्त पानी पीने और सूती कपड़े पहनने का सुझाव दिया गया है ताकि डिहाइड्रेशन से बचा जा सके। कई जिलों में स्कूलों के समय में भी बदलाव किया गया है।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/three-brothers-dead-in-8-months-family-seeks-justice-in-gwalior/175420