मुरैना में लगातार बारिश से नदियों और तालाबों का जल

मुरैना में बारिश से नदियां उफान पर, 7 लोगों का रेस्क्यू

Heavy Rain Raises Flood Risk in Morena, 7 People Rescued

मुरैना (मध्य प्रदेश)। जिले में लगातार हो रही बारिश और सीमावर्ती क्षेत्रों में हुई तेज वर्षा का असर अब बरसाती नदियों और गांवों पर दिखाई देने लगा है। सोन, क्वारी सहित जिले की अन्य नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। शनिवार सुबह से जौरा तहसील क्षेत्र के दो गांवों में पानी बढ़ने की स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी और रेस्क्यू अभियान में जुटी हैं।

सभी सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला

जौरा तहसील के बिश्नोई गांव में चिलर पर पानी बढ़ने के कारण सात लोग फंस गए थे। सूचना मिलते ही एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सभी सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के दौरान टीम ने सावधानीपूर्वक अभियान चलाकर लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया।

प्रशासन की टीमें गांव की हालात पर नजर बनाए हुए

इधर, जौरा तहसील के भैंसारा गांव में तालाब ओवरफ्लो होने से पानी गांव की ओर बढ़ने लगा है। स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीमें गांव का लगातार भ्रमण कर हालात पर नजर बनाए हुए हैं। ग्रामीणों को भी जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की हिदायत दी जा रही है।

नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा

प्रशासन के मुताबिक मुरैना के सीमावर्ती शिवपुरी और श्योपुर जिलों के जंगल क्षेत्रों में हुई अधिक बारिश के कारण वहां की बरसाती नदियों और नालों का पानी मुरैना जिले की नदियों में पहुंच रहा है। इससे नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और निचले इलाकों में खतरा बढ़ गया है।

इस वर्ष मुरैना जिले की औसत वर्षा 706.9 मिमी

इस वर्ष मुरैना जिले की औसत वर्षा 706.9 मिलीमीटर है, जबकि अब तक जिले में करीब 503 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की जा चुकी है। प्रशासन ने नदी, रपटों और जलभराव वाले क्षेत्रों में लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

यह भी पढ़ेंः शाजापुर में भीषण सड़क हादसा, यात्री बस नाले के डिवाइडर से टकराई; 30 लोग घायल