फरीदकोट में सीमा पार हेरोइन तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, 47.3 किलो हेरोइन समेत 4 गिरफ्तार
चंडीगढ़ (पंजाब)। पंजाब के DGP गौरव यादव ने रविवार को बताया कि फरीदकोट पुलिस ने सीमा पार से हेरोइन की तस्करी करने वाले एक नेटवर्क का भंडाफोड़ कर चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 47.3 किलोग्राम हेरोइन, तीन पिस्तौल, तीन मैगज़ीन, 15 कारतूस और दो गाड़ियां बरामद किए हैं।
सीमा पार के नेटवर्क की हो रही जांच
पंजाब के DGP ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि शुरुआती जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी पंजाब में हेरोइन और अवैध हथियारों की सीमा पार तस्करी में शामिल एक नेटवर्क से जुड़े थे। पुलिस ने फरीदकोट के सादिक पुलिस थाने में FIR दर्ज की है। साथ ही, इस बड़े नेटवर्क का पता लगाने और इसके आगे-पीछे के कनेक्शन का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है। यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब पंजाब पुलिस सीमावर्ती राज्य में सक्रिय सीमा पार नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी करने वाले नेटवर्क के खिलाफ सख्त कदम उठा रही है।
जेल से चल रहे सिंडिकेट का हुआ खुलासा
इससे पहले इसी हफ्ते, फरीदकोट पुलिस ने जेल से चलाए जा रहे हथियारों की तस्करी के एक अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का भी भंडाफोड़ किया था। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया और 10 अवैध पिस्तौल और 20 जिंदा कारतूस बरामद किए। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच से संकेत मिला है कि ये हथियार अमृतसर जेल में बंद एक सरगना के कहने पर पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए तस्करी करके लाए गए थे।
अमृतसर में भी तस्करों पर कसा शिकंजा
यह ताजा ऑपरेशन पंजाब में हाल ही में नशीले पदार्थों के खिलाफ की गई कई कार्रवाइयों के बीच हुआ है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अमृतसर में भी नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले एक और सीमा पार नेटवर्क का भंडाफोड़ किया गया, जिसमें तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया और 17 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई। पंजाब पुलिस का कहना है कि वे सीमा पार तस्करी पर कड़ी नजर रख रहे हैं और नशीले पदार्थों व अवैध हथियारों की तस्करी में शामिल नेटवर्क को निशाना बना रहे हैं।
यह भी पढ़ें: पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चार आरोपी गिरफ्तार, दुबई एजेंट से कनेक्शन की जांच