बिहार में डूबने और नाव हादसों की रोकथाम को लेकर हाई लेवल बैठक, राज्यों के लिए बनेगी Action Matrix
पटना: बिहार में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्षता में डूबने और नाव दुर्घटना की रोकथाम एवं उनसे होने वाली जनहानि को कम करने के उद्देश्य से उच्च जोखिम वाले राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में बिहार के आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल, अपर सचिव मो. नदीमुल गफ्फार सिद्दीकी और उप सचिव अमन प्रीत सिंह ने भाग लिया।
जलमार्गों की सुरक्षा व आपदा प्रबंधन को लेकर बैठक में हुई विस्तृत चर्चा
बैठक में डूबने एवं नाव दुर्घटनाओं की वर्तमान स्थिति, रोकथाम के लिए किए जा रहे उपाय, इनलैंड वेसल्स एक्ट, 2021 के क्रियान्वयन, बांधों, जलाशयों एवं अंतर्देशीय जलमार्गों की सुरक्षा, आपदा पूर्व तैयारी एवं त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र, संवेदनशील जल निकायों के आसपास सुरक्षा अवसंरचना को मजबूत करने, घटना संबंधी आंकड़ों के संकलन एवं प्रबंधन और जन-जागरूकता और सामुदायिक भागीदारी जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
राज्यों के लिए तैयार होगी Action Matrix
एनडीएमए द्वारा राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के लिए राज्यवार कार्ययोजना (Action Matrix) तैयार करने की दिशा में भी चर्चा की गई, जिसमें प्राथमिक हस्तक्षेप, संबंधित विभागों/एजेंसियों की जिम्मेदारी तथा आगे की कार्रवाई को चिन्हित किया जाएगा। बैठक का उद्देश्य डूबने एवं नाव दुर्घटनाओं से होने वाली जनहानि को कम करने के लिए राज्यों और संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वित एवं प्रभावी कार्यप्रणाली को और मजबूत करना है। किसी भी आपातकालीन सहायता के लिए आपदा प्रबंधन विभाग के राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र पर संपर्क करें।
ये भी पढे़ं- बाराबंकी में ANTF की बड़ी कार्रवाई, 1.03 करोड़ की हेरोइन के साथ आरोपी गिरफ्तार