उमरिया के पाली थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार अनि

उमरिया में बड़ा हादसा टला, तेज रफ्तार कार खाई में गिरी; तीन लोग गंभीर घायल

High-Speed Car Falls into Gorge in Umaria, Three Injured in Siddh Ghat Accident

उमरिया (मध्य प्रदेश)। पाली थाना क्षेत्र लगे बड़ी तुम्मी स्थित सिद्ध घाट में सोमवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार से दौड़ रही एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना इतनी भयावह होने के बावजूद किसी की जान नहीं गई।

देर रात शहडोल लौट रहे थे लोग

प्राप्त जानकारी के अनुसार कार क्रमांक MP 18 ZH 3550 में सवार तीन लोग बड़ी तुम्मी क्षेत्र में पिकनिक मनाने के बाद देर रात शहडोल लौट रहे थे। इसी दौरान सिद्ध घाट के घुमावदार मोड़ पर कार का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सीधे गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई।

तीनों का इलाज जारी 

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए खाई में उतरकर कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। चिकित्सकों के अनुसार तीनों को गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर वाहन को खाई से बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार हादसे का प्रमुख कारण मानी जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि कार सवारों ने पिकनिक के दौरान नशा भी किया हो सकता है। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

कार सवारों की पहचान की पुष्टि नहीं 

पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। हादसे के समय कार में सवार लोगों के नाम और पते की भी पुष्टि नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है कि सभी घायल शहडोल जिले के निवासी हैं, लेकिन खबर लिखे जाने तक उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई थी।

इस मार्ग पर पहले भी कई दुर्घटनाऐं

सिद्ध घाट का यह मार्ग पहले भी कई दुर्घटनाओं का गवाह रह चुका है। ऐसे में एक बार फिर इस हादसे ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है। पुलिस ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने की अपील की है। 

यह भी पढ़ेंः योगी सरकार का कांवड़ियों को बड़ा सम्मान, हेलीकॉप्टर से होगी पुष्पवर्षा