घाटमपुर में तेज रफ्तार DCM ने बाइक सवार दूधिये को रौंदा, मौके पर मौत; परिजनों ने लगाया जाम
कानपुर नगर {उत्तर प्रदेश}: घाटमपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार DCM ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। बताते चलें कि घटवा बरौली गांव निवासी राजकुमार उम्र 35 वर्ष पुत्र मनोज यादव बाइक से रतनपुर गांव की ओर दूध लेने जा रहे थे। जैसे ही वह रतनपुर काली माता मंदिर के पास पहुंचे, सामने से घाटमपुर से गजनेर की ओर जा रही तेज रफ्तार DCM ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राजकुमार की मौके पर ही मौत हो गई। चालक DCM लेकर फरार हो गया।
हादसे के बाद सड़क पर लगाया जाम
मृतक के परिवार में 11 वर्षीय पुत्र आरुष और 6 वर्षीय पुत्री नव्या है। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर कार्रवाई की मांग की। सूचना पर थाना प्रभारी मनोज कुमार भदौरिया मौके पर पहुंचे। पुलिस ने DCM को पकड़ लिया है, चालक की तलाश जारी है। शव को कब्जे में लेकर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
ये भी पढ़ें: घाटमपुर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पर गंभीर आरोप, महिला ने दी तहरीर; फर्जी वीडियो बनाकर रुपये मांगने का दावा