लाखों रुपये की धोखाधड़ी मामले में हिस्ट्रीशीटर रामबाबू वैष्णव को किया गया गिरफ्तार
झालावाड़: खानपुर थाना पुलिस ने जमीन के सौदे में लाखों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में हिस्ट्रीशीटर रामबाबू वैष्णव (बैरागी) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने फर्जी स्टाम्प के जरिए जमीन का सौदा कर मूल जमीन मालिकों से ही करीब 1.10 रुपये करोड़ में जमीन बेच दी और प्राप्त राशि में से 53.50 रुपये लाख का गबन कर लिया।
65 लाख रुपये में बेचना किया था तय
जिला पुलिस अधीक्षक अमित बुडानिया ने बताया कि 13 जुलाई 2026 को फरियादी नवलकिशोर पुत्र रतनलाल ब्राह्मण निवासी चीकली (हाल मडू बोरदा, तहसील खानपुर) ने परिवाद पेश किया। परिवाद में बताया गया कि दरा-अरनिया स्टेट हाईवे स्थित खानपुर कस्बे में खसरा नंबर 2301 की भूमि में से 5 बीघा 10 बिस्वा हिस्सा उसने रामबाबू पुत्र भंवरलाल बैरागी निवासी खानपुर को 65 लाख रुपये में बेचना तय किया था। इस दौरान आरोपी ने एक लाख रुपये बतौर साई-पेटे दिए और 1000 रुपये के स्टाम्प पर दस्तावेज तैयार करवाए।
53.50 लाख रुपये हड़प लिए
आरोप है कि इसके बाद रामबाबू ने उसी जमीन का सौदा फरियादी के काका कैलाशचंद और रामस्वरूप से 1.10 करोड़ रुपये में कर लिया। आरोपी ने उनसे पूरी राशि प्राप्त कर ली, लेकिन फरियादी को केवल 11.50 लाख रुपये ही दिए और बचे हुए 53.50 लाख रुपये हड़प लिए। परिवाद के आधार पर थाना खानपुर में बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। अनुसंधान के दौरान आरोपी के खिलाफ आरोप प्रमाणित पाए जाने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रामबाबू पुत्र भंवरलाल बैरागी (41 वर्ष) निवासी पुरानी रेंजरी के पास, खानपुर का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ धोखाधड़ी सहित 1 दर्जन मामले अलग-अलग थाने में दर्ज है। जिनकी जांच जारी है।
ये भी पढ़ें- पश्चिम बंगाल: 1 सितंबर 2026 से सरकारी कामकाज में बंगाली भाषा होगी अनिवार्य, पढ़ें बड़ी बातें