मुगलसराय में पिछले तीन महीनों में HIV के नए मामलों

मुगलसराय में बढ़ रहे HIV के मामले, तीन महीने में चार गुना बढ़े नए मरीज; कुछ क्षेत्रों में की जा रही विशेष निगरानी

HIV Cases Surge in Mughalsarai

चंदौली,(उत्तर प्रदेश)। मुगलसराय में लगातार बढ़ रहे HIV के मामले चिंता का विषय बने हुए हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस.के. चतुर्वेदी ने बताया कि क्षेत्र में एचआईवी (HIV) संक्रमण के मामलों में वृद्धि दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में अब तक कुल 218 एचआईवी संक्रमित मरीज चिन्हित किए जा चुके हैं, जिनमें से उपचार के दौरान 6 मरीजों की मृत्यु हो चुकी है।

निगरानी और जागरूकता अभियान तेज

डॉ. चतुर्वेदी ने बताया कि पिछले वर्ष अप्रैल, मई और जून के तीन महीनों में केवल 3 नए एचआईवी पॉजिटिव मरीज मिले थे, जबकि इस वर्ष इसी अवधि में 12 नए मरीज सामने आए हैं। यानी पिछले साल की तुलना में नए मामलों में चार गुना वृद्धि दर्ज की गई है। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और जागरूकता अभियान तेज कर दिया है।

नियमित रूप से चलाया रहा जागरूकता अभियान

उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से नियमित रूप से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। काउंसलर, टीबी वर्कर और एचआईवी वर्कर चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में जाकर शिविर लगाते हैं, लोगों की जांच कराते हैं, आवश्यक परामर्श देते हैं और संक्रमित मरीजों को समय पर उपचार व दवाएं लेने के लिए प्रेरित करते हैं।

अहिरौली नगर व काली महाल में की जा रही विशेष निगरानी

डॉ. चतुर्वेदी के अनुसार, अहिरौली नगर और काली महाल ऐसे क्षेत्र हैं, जहां पिछले वित्तीय वर्ष में 15-15 एचआईवी पॉजिटिव मरीज मिले थे। इन इलाकों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और लगातार जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। बचाव के उपाय बताते हुए उन्होंने कहा कि एचआईवी मुख्य रूप से संक्रमित रक्त और असुरक्षित यौन संबंध के माध्यम से फैलता है।

शंका होने पर तुरंत कराएँ जाँच

उन्होंने कहा, कि इससे बचाव के लिए सुरक्षित यौन संबंध अपनाना, बैरियर मेथड  का उपयोग करना तथा इंजेक्शन लगवाते समय हमेशा नई और संक्रमण-मुक्त सुई का ही प्रयोग सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने लोगों से किसी भी तरह की शंका होने पर तुरंत सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने और समय पर उपचार लेने की अपील की।

यह भी पढ़ेंः पेंड्रा में बेकाबू ट्रेलर, होर्डिंग के पोल से टकराया, केबिन में फंसा चालक