ड्यूटी के दौरान जनशताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में आए गृहरक्षक, दर्दनाक मौत
जमुई: गिद्धौर रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से गृहरक्षक गोविन्द प्रसाद यादव (55) की दर्दनाक मौत हो गई। घटना 2 नवंबर 2026 की बताई जा रही है। मृतक मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भैया राम टोला के निवासी थे। वह रेल थाना झाझा में पदस्थापित थे और वर्तमान में गिद्धौर रेलवे स्टेशन पर प्रतिनियुक्त थे।
प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, घटना के दिन गोविन्द प्रसाद यादव गृहरक्षक मो. कादिर के साथ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान वह जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
रेल पुलिस द्वारा कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर मंगलवार की सुबह शव मृतक के पुत्र अमित कुमार को सौंप दिया। गृहरक्षक गोविन्द प्रसाद यादव की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ये भी पढ़ें: समस्तीपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, सड़क पार कर रहे 24 वर्षीय युवक को ट्रक ने कुचला