डिंडौरी में भीषण हादसा, टैंकर ने खड़ी बोलेरो को मारी टक्कर, 5 की दर्दनाक मौत व 1 घायल
डिंडौरी। जिले में रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे पर एक अनियंत्रित कैप्सूल वाहन (टैंकर) ने सड़क किनारे खड़ी बोलेरो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हृदयविदारक घटना में बोलेरो सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 1 व्यक्ति घायल है।
हाईवे पर गाड़ी का पंक्चर चक्का बदल रहे थे
यह दुर्घटना गाड़ा सरई थाना क्षेत्र के किकरा तालाब गांव के पास हुई। मिली जानकारी के अनुसार, बोलेरो (MP 65 JD 1118) में सवार लोग एक चौक कार्यक्रम से लौट रहे थे। रात करीब ढाई बजे हाईवे पर गाड़ी का पहिया पंक्चर हो गया, जिसे बदलने के लिए गाड़ी को सड़क किनारे खड़ा किया गया था।
कैप्सूल वाहन ने मारी जोरदार टक्कर
उसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन (MP 19 ZD 9351) ने खड़ी बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
पुलिस मौके पर पहुंची, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि रात के समय हाईवे पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार अक्सर ऐसे हादसों का कारण बनती है।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/7-trains-short-terminated-from-mp-routes-disruption-likely/156710