कासगंज रोड पर ट्रक और रोडवेज बस की भीषण भिड़ंत, दोनों चालक समेत कई यात्री घायल
हाथरस (उत्तर प्रदेश)। सिकंदराराऊ क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। कासगंज रोड पर सोरों जी ढाबे के पास सरकारी राशन से लदे ट्रक और राजस्थान रोडवेज बस की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा रात करीब साढ़े नौ बजे हुआ।
दोनों वाहनों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। दुर्घटना में ट्रक और रोडवेज बस के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं बस में सवार एक दर्जन से अधिक यात्रियों को भी चोटें आई हैं।
दोनों चालकों को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर किया रेफर
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सभी घायलों का उपचार शुरू किया। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल दोनों चालकों की हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
बताया जा रहा है कि राजस्थान रोडवेज की बस बरेली से यात्रियों को लेकर जयपुर जा रही थी, जबकि सामने से सरकारी राशन से लदा ट्रक आ रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए कासगंज रोड पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया है।
यह भी पढ़ेंः कोहली और गिल के शतक से भारत ने वेस्टइंडीज को आठ विकेट से हराया