मोतिहारी में बाल विवाह की आड़ में मानव तस्करी की कोशिश नाकाम, 4 आरोपी गिरफ्तार
मोतिहारी,(बिहार)। जिले के रक्सौल में बाल विवाह की आड़ में मानव तस्करी के एक बड़े प्रयास को संयुक्त टीम ने नाकाम कर दिया है। गुप्त सूचना के आधार पर हरैया थाना, रक्सौल प्रशासन, मानव तस्करी रोधी इकाई, एसएसबी, प्रयास जुवेनाइल एड सेंटर और अन्य संस्थाओं ने संयुक्त छापेमारी कर राजस्थान के चार लोगों को गिरफ्तार किया।
14 वर्षीय लड़की की शादी 35 वर्षीय व्यक्ति से
जांच में पता चला कि 14 वर्षीय नाबालिग लड़की की शादी 35 वर्षीय राजस्थान निवासी व्यक्ति से कराई जा रही थी। काउंसलिंग के दौरान बच्ची ने बताया कि उस पर जबरन शादी का दबाव बनाया जा रहा था और परिवार को पैसे, गहने तथा सामान का लालच दिया गया था।
चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज
पुलिस ने नाबालिग को सुरक्षित संरक्षण में लेते हुए चारों आरोपियों के खिलाफ बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 और मानव तस्करी से संबंधित धाराओं में हरैया थाना में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
यह भी पढ़ेंः रायबरेली में 8 साल की बच्ची से पड़ोसी ने की दरिंदगी, जगतपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार