बैंक लोन विवाद में पत्नी की हत्या, भिलाई के होटल से गिरफ्तार हुआ आरोपी पति
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (छत्तीसगढ़)। KGC जिले के ठेलकाडीह थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बैंक लोन चुकाने को लेकर पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद होता था। इसी विवाद के बाद आरोपी ने फावड़े से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी।
इलाज के दौरान महिला ने तोड़ा दम
बीते 16 जुलाई को ग्राम फत्तेपुर निवासी तारण चतुर्वेदी ने अपनी पत्नी सुरूज बाई चतुर्वेदी के सिर पर फावड़े से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घायल महिला का इलाज दुर्ग के शंकराचार्य अस्पताल में चल रहा था। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने हत्या की धारा जोड़कर जांच तेज कर दी।
भिलाई के होटल से आरोपी की गिरफ्तारी
ठेलकाडीह पुलिस ने स्मृति नगर चौकी पुलिस के सहयोग से भिलाई में दबिश देकर आरोपी को सूर्या मॉल के पास एक होटल से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बैंक ऋण चुकाने को लेकर पत्नी लगातार दबाव बना रही थी, जिससे परेशान होकर उसने वारदात को अंजाम दिया।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त फावड़ा और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। (Published By: Ravi Pandey)
यह भी पढ़ें: महासमुंद में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, महाराष्ट्र के आरोपी से 4 किलो गांजा बरामद