मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के तलेन थाना क्षेत्र के

राजगढ़ में दिल दहला देने वाली वारदात: पत्नी की चाकू से हत्या, फिर पति ने फांसी लगाकर दी जान

Husband Dies by Suicide After Killing Wife

राजगढ़: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के तलेन थाना क्षेत्र के फुलपुरा गांव में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक पति ने कथित तौर पर पहले अपनी पत्नी की चाकू से हत्या कर दी और उसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

खाना देने गई थी पत्नी

पुलिस के अनुसार, मृतका सुशीला (48) रोज की तरह कुएं के पास बने मकान में रह रहे अपने पति रायसिंह उर्फ बालक नाथ (50) के लिए खाना लेकर गई थी। इसी दौरान दोनों के बीच क्या हुआ, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। प्रारंभिक जांच के मुताबिक, आरोपी ने पत्नी पर चाकू से 15 से 20 वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस को आशंका है कि इसके बाद मृतका के सिर पर पत्थर से भी हमला किया गया।

वारदात के बाद पति ने लगाई फांसी

पत्नी की हत्या के बाद आरोपी ने उसी मकान की खिड़की से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि रायसिंह कुएं के पास बने मकान में अकेला रहता था, जबकि उसकी पत्नी और परिवार गांव स्थित घर में रहते थे। शाम को काम से लौटने पर बेटे नवीन ने देखा कि उसकी मां घर नहीं लौटी है और उसका मोबाइल भी बंद है। काफी तलाश के बाद वह कुएं वाले मकान पर पहुंचा, जहां अंदर से दरवाजा बंद था। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी।

खिड़की तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस

मौके पर पहुंची पुलिस ने मकान की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया। अंदर सुशीला का शव खून से लथपथ जमीन पर पड़ा मिला, जबकि रायसिंह फांसी के फंदे से लटका हुआ था। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पचोर भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला हत्या के बाद आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। जानकारी के अनुसार, मृतक नशे का आदी था और पिछले कई दिनों से खेत पर बने मकान में रह रहा था। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़े: सरकार ने CAFE-III का ड्राफ्ट जारी किया, पहली बार इथेनॉल और जैव ईंधन को कार्बन तटस्थता की मान्यता