वाराणसी में आबकारी विभाग में कांस्टेबल पत्नी के खिलाफ पति ने दर्ज कराया मुकदमा, पढ़ाई और नौकरी के बाद विवाद
वाराणसी (उत्तर प्रदेश)। पति-पत्नी के विवाद का एक मामला अदालत तक पहुंच गया। पति का आरोप है कि उसने पत्नी की पढ़ाई पूरी कराने से लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तक में सहयोग किया। पत्नी की आबकारी विभाग में नौकरी लगने के बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। पति ने पत्नी पर उसे नीचा दिखाने, धमकाने और बच्चों से मिलने नहीं देने समेत कई आरोप लगाए हैं। मामले में अदालत के आदेश पर शिवपुर पुलिस ने महिला कांस्टेबल, उसके पिता और दो भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पति ने पत्नी की पढ़ाई जारी रखने में सहयोग किया
शिवपुर थाना क्षेत्र के चमाव निवासी माता प्रसाद यादव ने अदालत में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वह दसवीं पास हैं। वर्ष 2011 में उनका विवाह चौबेपुर थाना क्षेत्र के शंकरपुर निवासी ममता यादव से हुआ था। शिकायत के अनुसार, पत्नी इंटरमीडिएट तक पढ़ी थीं और आगे पढ़ाई करने की इच्छुक थीं। पति का कहना है कि उन्होंने पत्नी की पढ़ाई जारी रखने में सहयोग किया और उन्हें बीए, एमए तथा बीएड तक की शिक्षा दिलाई। इसके साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी मदद की।
पत्नी की नौकरी आबकारी विभाग में महिला कांस्टेबल के पद पर
शिकायतकर्ता के मुताबिक, बाद में पत्नी की नौकरी आबकारी विभाग में महिला कांस्टेबल के पद पर लग गई और वर्तमान में उनकी तैनाती प्रयागराज में है। आरोप है कि नौकरी लगने के बाद पत्नी का व्यवहार बदल गया और वह आए दिन पति को नीचा दिखाने वाली बातें करने लगीं। इसको लेकर दोनों के बीच विवाद होने लगा। माता प्रसाद का आरोप है कि जब वह बच्चों से मिलने प्रयागराज जाते हैं तो पत्नी उन्हें बच्चों से मिलने नहीं देतीं।
पति ने पत्नी और उसके भाइयों पर धमकी देने का आरोप लगाया
उन्होंने पत्नी पर बिना बताए कई-कई दिनों तक घर से बाहर रहने और पति को अपने काबिल नहीं होने की बात कहने का भी आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार, आठ जनवरी 2024 को पत्नी अपने भाइयों के साथ उनके घर पहुंचीं। आरोप है कि इस दौरान अलमारी में रखे 48 हजार रुपये, सोने की अंगूठी, चेन और घड़ी लेकर चली गईं। पति ने पत्नी और उसके भाइयों पर धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
पत्नी ने दी बार-बार झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी
पति का कहना है कि घटना की शिकायत जब उसने अपने ससुर से की तो उन्होंने भी गाली-गलौज करते हुए धमकी दी। आरोप है, कि पत्नी की ओर से उसे बार-बार झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जाती रही। पुलिस के मुताबिक, अदालत के आदेश के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ेंः उज्जैन के मिष्ठान भंडार की मिठाई में कीड़े मिलने पर खाद्य विभाग ने की जांच, सैंपल भेजे