डिंडौरी में नवविवाहिता की आत्महत्या मामले में पति, सास-ससुर गिरफ्तार, पुलिस जांच जारी
डिंडौरी (मध्य प्रदेश)। जिला मुख्यालय स्थित वार्ड क्रमांक 5, गल्ला गोदाम क्षेत्र में नवविवाहिता खुश्बू साहू की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने जांच के बाद बड़ी कार्रवाई की है। इस संवेदनशील प्रकरण की जांच एसडीओपी डिंडौरी सतीश द्विवेदी के निर्देशन में की जा रही है। मृतका के मायके पक्ष के बयान और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने पति, सास और ससुर के विरुद्ध मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
मायके पक्ष ने लगाए मानसिक प्रताड़ना के आरोप
जांच अधिकारी को दिए गए बयानों में मृतका के पिता महेश साहू, माता तारा साहू और भाई प्रशांत साहू ने बताया कि खुश्बू साहू की शादी 6 मई 2026 को हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार अंकित साहू से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही खुश्बू को उसके ससुराल में मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने यह भी दावा किया कि खुश्बू ने जीवित रहते हुए अपनी मां और अन्य परिजनों को सास संतोषी साहू एवं ससुर सोमनाथ साहू द्वारा मानसिक उत्पीड़न किए जाने की जानकारी दी थी।
कथित प्रताड़ना से तंग आकर उठाया आत्मघाती कदम
परिजनों का आरोप है कि लगातार मिल रही कथित प्रताड़ना से परेशान होकर खुश्बू ने आत्मघाती कदम उठाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पति अंकित साहू, सास संतोषी साहू और ससुर सोमनाथ साहू के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की प्रासंगिक धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
एफएसएल जांच के बाद आगे होगी वैधानिक कार्रवाई
घटनास्थल का वैज्ञानिक परीक्षण बालाघाट से पहुंची एफएसएल टीम द्वारा किया गया है। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यदि नए तथ्य सामने आते हैं तो नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।