मंडला में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। नैनपुर

बीच-बचाव करने आई पत्नी के सामने ही पति की हत्या! मंडला में सनसनीखेज़ वारदात

Sensational Murder Case Shakes Mandla

मंडला {मध्यप्रदेश}: मंडला जिले के नैनपुर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद ने एक परिवार को उजाड़ दिया। ग्राम पंचायत देल्हा में जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई ने कथित रूप से अपने छोटे भाई पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची छोटे भाई की पत्नी पर भी हमला किया गया। घटना में छोटे भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल है।

जमीन विवाद ने लिया खूनी रूप

घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान शिव दयाल जघेला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों सगे भाइयों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार को विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने गुस्से में कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में शिव दयाल गंभीर रूप से घायल हो गए।

पत्नी बचाने पहुंची, उस पर भी किया हमला

उन्हें बचाने के लिए बीच में आई उनकी पत्नी आशा बाई पर भी आरोपी ने वार कर दिया, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल नैनपुर पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद शिव दयाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल आशा बाई का उपचार जारी है और उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

आरोपी फरार, पुलिस कर रही तलाश

घटना की सूचना मिलते ही नैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण जमीन विवाद बताया जा रहा है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस का बयान

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर बड़े भाई द्वारा छोटे भाई और उसकी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला किए जाने की घटना सामने आई है। मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है तथा आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

गांव में पसरा मातम

एक छोटे से जमीन विवाद ने सगे भाइयों के रिश्ते को खून से रंग दिया। इस घटना ने न केवल एक परिवार का सहारा छीन लिया, बल्कि पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

यह भी पढ़े: महिला IPS प्रशिक्षु ने साथी अधिकारी पर लगाए गंभीर आरोप, FIR दर्ज