हैदराबाद ''कलमा'' विवाद: स्कूल के बाहर भारी पुलिस बल तैनात, भाजपा नेताओं ने की सख्त कार्रवाई की मांग
हैदराबाद: तेलंगाना के सैदाबाद इलाके स्थित सक्सेस स्कूल के बाहर शुक्रवार को भारी पुलिस बल तैनात किया गया। यह कदम उन आरोपों के बाद उठाया गया, जिनमें दावा किया गया कि दूसरी कक्षा के हिंदू छात्रों को गृहकार्य के रूप में 'कलमा' और 'सूरह फातिहा' पढ़ने के लिए कहा गया था।
स्कूल परिसर रहा सुनसान
शुक्रवार सुबह स्कूल परिसर में सन्नाटा पसरा रहा। सुबह 9 बजे के बाद वहां कोई छात्र या कर्मचारी दिखाई नहीं दिया। अभिभावकों और स्थानीय कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया। इस घटना पर केंद्रीय मंत्री बंदी संजय कुमार ने स्कूल प्रबंधन की कड़ी आलोचना करते हुए इसे धार्मिक स्वतंत्रता पर सीधा हमला बताया। उन्होंने कहा, "हिंदू छात्रों को स्कूल में कलमा पढ़ने के लिए मजबूर करना एक खतरनाक और अस्वीकार्य कृत्य है। यह धार्मिक स्वतंत्रता पर सीधा हमला है और इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। तेलंगाना सरकार को सैदाबाद स्थित सक्सेस स्कूल के प्रबंधन के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।" उन्होंने अन्य राजनीतिक दलों की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यदि ऐसी घटनाओं को नजरअंदाज किया गया तो भविष्य में ऐसी घटनाएं बढ़ सकती हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा हिंदू धर्म, परंपराओं और संस्कृति के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगी।
टी राजा सिंह ने भी की कार्रवाई की मांग
गोशामहल से भाजपा विधायक टी राजा सिंह ने भी घटना की निंदा करते हुए कहा कि यह मामला एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के संसदीय क्षेत्र में सामने आया है। उन्होंने कहा, "दूसरी कक्षा के हिंदू बच्चों को जबरन कलमा सिखाने का प्रयास बेहद चिंताजनक और निंदनीय है। बच्चों की आस्था और अभिभावकों के भरोसे के साथ खिलवाड़ किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।"
अभिभावकों की शिकायत के बाद सामने आया मामला
यह विवाद बुधवार शाम उस समय सामने आया, जब अभिभावकों को बच्चों को दिए गए गृहकार्य की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने स्कूल प्रबंधन और पुलिस से शिकायत की। हैदराबाद पुलिस के अनुसार, संबंधित कक्षा में 25 छात्र थे। आरोप है कि शिक्षक ने पूरी कक्षा को दैनिक गृहकार्य के रूप में 'कलमा' और 'सूरह फातिहा' पढ़ने का निर्देश दिया, जिसके बाद एक हिंदू छात्र के अभिभावकों ने आपत्ति दर्ज कराई।
शिक्षक को किया गया बर्खास्त
बढ़ते विरोध और तनाव के बीच स्कूल प्रबंधन ने विवादित शिक्षक को नौकरी से बर्खास्त कर दिया है और उसे ब्लैकलिस्ट करने की भी जानकारी दी है।
(एएनआई)
यह भी पढ़े: आंध्र प्रदेश में कोरोना के 12 मामले, 4 मरीजों की मौत; जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए NIV भेजे गए नमूने