हैदराबाद पुलिस ने वीजा नियमों का उल्लंघन कर अवैध र

हैदराबाद में बड़ा एक्शन: वीजा नियमों का उल्लंघन करने वाले 49 विदेशी नागरिक हिरासत में, 12 डिपोर्ट

Three overstaying South Sudanese nationals

हैदराबाद (तेलंगाना)। हैदराबाद शहर पुलिस ने स्पेशल ब्रांच-फॉरेनर्स मॉनिटरिंग सेल, फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO), लोकल लॉ एंड ऑर्डर पुलिस और IT सेल हैदराबाद के साथ मिलकर चलाए गए विशेष संयुक्त अभियान के तहत वीजा और आव्रजन नियमों का उल्लंघन कर अवैध रूप से रह रहे 49 विदेशी नागरिकों को चिन्हित कर हिरासत केंद्र में भेज दिया है। 

पुलिस कमिश्नर द्वारा 2 अक्टूबर को जारी प्रेस नोट के अनुसार यह कार्रवाई 31 अगस्त से लगातार जारी है। हैदराबाद पुलिस ने वीजा नियमों का उल्लंघन करने वाले 49 विदेशी नागरिकों को पकड़ा है। इनमें से 12 को डिपोर्ट किया जा चुका है, जबकि शेष बचे लोगों की डिपोर्टेशन प्रक्रिया संबंधित अधिकारियों के समन्वय से जारी है।

31 अगस्त से चल रहा विशेष संयुक्त अभियान

इस अभियान का उद्देश्य वीजा शर्तों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना और गैरकानूनी गतिविधियों पर लगाम लगाना है। अब तक 49 विदेशी नागरिकों की पहचान कर उन्हें निर्धारित हिरासत केंद्रों में भेजा गया है, जिनमें से 12 को उनके संबंधित देशों में डिपोर्ट किया जा चुका है। शेष विदेशियों को देश से बाहर भेजने की कानूनी प्रक्रिया जारी है। पकड़े गए विदेशी नागरिकों का थाना-वार आंकड़ा इस प्रकार है:

टोलीचौकी पुलिस थाना: 30 लंगर हाउस पुलिस थाना: 6 मेहदीपटनम पुलिस थाना: 6 राजेंद्र नगर पुलिस थाना: 3 बंजारा हिल्स पुलिस थाना: 2 सैफबाद पुलिस थाना: 1 गुडिमलकपुर पुलिस थाना: 1

धोखाधड़ी, ड्रग्स और अवैध गतिविधियों का खुलासा

क्षेत्रीय स्तर पर सत्यापन के दौरान आव्रजन उल्लंघन के अलावा कई गंभीर आपराधिक मामले भी सामने आए हैं। पुलिस जांच में जाली मुद्रा और जनता से ठगी के मामलों का खुलासा हुआ है, जिन पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा एक विदेशी नागरिक के पास से 250 ग्राम गांजा बरामद किया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि छात्र वीजा पर आकर अवधि समाप्त होने के बाद भी रुकने वाले कुछ विदेशी नागरिक अस्पतालों में विदेशी मरीजों के लिए अनुवादक/मध्यस्थ के रूप में काम कर रहे थे। वे मरीजों से सेवा शुल्क के अलावा अस्पताल के बिल का करीब 15 प्रतिशत कमीशन भी वसूल रहे थे। इसके अलावा, वेश्यावृत्ति गतिविधियों में शामिल एक केन्याई महिला समेत कुछ अन्य विदेशी महिलाओं की भी पहचान की गई है।

एक मामले में केन्याई नागरिक (जो टूरिस्ट वीजा पर आई थी और ओवरस्टे कर रही थी) को वेश्यावृत्ति में लिप्त पाया गया। वहीं एक अन्य मामले में कफ सिरप में अल्प्राज़ोलम की गोलियां मिलाकर नशा करने वाले आरोपी को पकड़ा गया। राजेंद्र नगर इलाके में छात्र वीजा पर 2018, 2023 और 2025 से अवैध रूप से रह रहे दक्षिण सूडान के तीन नागरिकों का ड्रग टेस्ट कराया गया, जो पॉजिटिव पाया गया।

मकान मालिकों और होटल संचालकों के लिए निर्देश

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वैध दस्तावेजों और वीजा के साथ रहने वाले विदेशी नागरिकों का भारत में स्वागत है, लेकिन अवैध प्रवास और आपराधिक गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। पुलिस ने मकान मालिकों, होटल संचालकों, गेस्ट हाउस और सर्विस अपार्टमेंट प्रदाताओं को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्देश दिए हैं कि वे विदेशी नागरिकों को ठहरने की जगह देने से पहले उनके पासपोर्ट, वीजा और अन्य प्रासंगिक दस्तावेजों का अनिवार्य रूप से सत्यापन करें।

हैदराबाद शहर पुलिस ने सभी आवास प्रदाताओं से अपील की है कि वे इन आवश्यकताओं को केवल एक औपचारिकता न समझकर, इसे एक अनिवार्य कानूनी अनुपालन (mandatory legal compliance) और सार्वजनिक सुरक्षा की जिम्मेदारी के रूप में लें। ​(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: तेलंगाना में पत्नी ने 6 साल की बेटी से झगड़े के बाद पति को मानसिक अस्पताल में भर्ती कराने की मांग की