आईआईटी दिल्ली के 31 वर्षीय एमएससी भौतिकी छात्र की

पैनआईआईटी एलुमनाई इंडिया ने जताया दुख, मदद लेने की अपील

आईआईटी दिल्ली में 31 वर्षीय छात्र की मौत (सांकेतिक तस्वीर)

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने बताया कि शनिवार को आईआईटी दिल्ली के एमएससी भौतिकी विभाग के 31 वर्षीय छात्र की संस्थान परिसर में एक इमारत से कूदने के बाद कथित तौर पर मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना शनिवार को सुबह लगभग 8:33 बजे किशनगढ़ पुलिस स्टेशन को मिली, जिसके बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घायल छात्र को आईआईटी दिल्ली परिसर के अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

छठी मंजिल से कूदने की जताई जा रही आशंका

पुलिस ने बताया कि जांच और साक्ष्य जुटाने के लिए क्राइम टीम और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) टीम को मौके पर बुलाया गया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला कि मृतक सुबह लगभग 8:00 बजे मुख्य द्वार से आईआईटी दिल्ली परिसर में दाखिल हुआ था। इसके बाद वह लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स गया, लिफ्ट से छठी मंजिल पर गया और कथित तौर पर इमारत के सामने से लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स की ओर कूद गया।

मोबाइल और काउंसलिंग रिकॉर्ड की जांच जारी

पुलिस ने बताया कि अभी तक गिरने से लगी चोटों के अलावा शरीर पर कोई अन्य स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले हैं। दिल्ली पुलिस ने बताया, कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मृतक की जेब से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है जिसकी प्रक्रिया के अनुसार जांच की जाएगी। पुलिस ने कहा कि संस्थान से काउंसलिंग रिकॉर्ड और अन्य संबंधित जानकारी प्राप्त की जा रही है और तथ्यों की पुष्टि की जा रही है। कानून के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

छात्र की मौत पर पैनआईआईटी एलुमनाई इंडिया ने जताया दुख

इस बीच पैनआईआईटी एलुमनाई इंडिया के अध्यक्ष प्रभात कुमार ने छात्र की मृत्यु पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना आईआईटी दिल्ली समुदाय के लिए एक दुखद क्षति है। कुमार ने कहा, आईआईटी दिल्ली के एक युवा छात्र के दुखद निधन से हम बेहद दुखी हैं। इस कठिन समय में हमारी हार्दिक संवेदनाएं छात्र के परिवार, मित्रों, सहपाठियों, शिक्षकों और पूरे आईआईटी दिल्ली समुदाय के साथ हैं। उन्होंने शैक्षणिक, व्यक्तिगत या अन्य कठिनाइयों का सामना कर रहे छात्रों और युवा पेशेवरों से आग्रह किया कि वे अपने भरोसेमंद लोगों से संपर्क करें और सहायता लें।

कठिन दौर में युवाओं को मदद लेने की अपील

उन्होंने कहा, प्रत्येक छात्र और युवा पेशेवर को यह जानना चाहिए कि किसी भी शैक्षणिक असफलता, व्यक्तिगत संघर्ष या कठिन दौर का सामना अकेले नहीं करना चाहिए। किसी भरोसेमंद व्यक्ति से बात करना और सहायता लेना बहुत मायने रखता है। कुमार ने इस बात पर भी जोर दिया कि युवाओं को सहयोग और समर्थन मिले, इसके लिए संस्थानों और समुदायों को मिलकर काम करना आवश्यक है। उन्होंने कहा, इस दुखद घड़ी में पैनआईआईटी एलुमनाई इंडिया आईआईटी दिल्ली समुदाय के साथ एकजुटता से खड़ा है और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है। 

(इनपुट: ANI)

येै भी पढ़ें- असम में रचा इतिहास, लखीमी नस्ल की दुनिया की पहली IVF मादा बछिया का जन्म