औरंगाबाद के जंगल में चल रही थी अवैध शराब की भट्ठी, पुलिस की छापेमारी से मचा हड़कंप
औरंगाबाद: देव प्रखंड के कंचनपुर पुलिस ने थाना क्षेत्र के ढ़कना पहाड़ के समीप जंगली इलाके में अवैध रूप से संचालित शराब भट्ठियों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने छापेमारी कर एक अवैध शराब भट्ठी को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान शराब बनाने के उपकरणों को भी नष्ट किया गया तथा करीब 6,000 लीटर जावा महुआ विनष्ट किया गया।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
थानाध्यक्ष सुभाष कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त जंगली इलाके में अवैध रूप से देसी शराब का निर्माण किया जा रहा है। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम ने संबंधित स्थान पर छापेमारी की। पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही भट्ठी संचालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आसपास के जंगली क्षेत्र में भी तलाशी अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
एक शराब भट्ठी को किया गया ध्वस्त
पुलिस ने छापेमारी के दौरान एक अवैध शराब भट्ठी को ध्वस्त कर दिया। इसके अलावा शराब बनाने के उपकरणों और करीब 6,000 लीटर जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा। फरार शराब धंधेबाजों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
ये भी पढ़ें: रायबरेली में प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को चोर समझकर पीटा, गंभीर घायल