औरंगाबाद में अवैध बालू खनन पर कार्रवाई, सोन नदी से 3 ट्रैक्टर जब्त
औरंगाबाद (बिहार)। अवैध खनन के खिलाफ चलाया जा रहे विशेष अभियान के फलस्वरुप खनन विभाग ने कार्रवाई के दौरान तीन ट्रैक्टर को जब्त किया है। जबकि चालक कार्रवाई की भनक पाकर मौके से फरार हो गए। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। यह कार्रवाई खान एवं भूतत्व विभाग के सहायक निदेशक विकास कुमार के नेतृत्व में दाउदनगर थाना क्षेत्र के केरा गांव स्थित सोन नदी में की गई।
संबंधित लोगों पर नियमानुसार प्राथमिकी एवं अन्य कानूनी कार्रवाई
कार्रवाई में शामिल प्रशिक्षु जिला खनन पदाधिकारी अंकित कुमार ने बताया कि अवैध तरीके से बालू का खनन, परिवहन अथवा भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में संलिप्त वाहनों को जब्त करने के साथ संबंधित लोगों पर नियमानुसार प्राथमिकी एवं अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अवैध बालू खनन और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए खनन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही है।
सभी वाहनों के दस्तावेजों की जांच जारी
माइनिंग इंस्पेक्टर कुमार प्रत्यूष ने बताया कि जब्त ट्रैक्टरों को दाउदनगर थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है। सभी वाहनों के दस्तावेजों की जांच की जा रही है। इसके बाद विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अवैध खनन और बालू के अवैध परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि अवैध खनन या बालू परिवहन की सूचना तुरंत खनन या पुलिस को दें।
यह भी पढ़ेंः नरसिंहपुर के केसली गांव में पानी का संकट, बारिश में भी बूंद-बूंद को तरस रहे 700 ग्रामीण