औरंगाबाद जिले के कंचनपुर थाना क्षेत्र के जंगली एवं

जंगल में छिपाकर रखे थे अवैध हथियार, सर्च ऑपरेशन में खुला बड़ा राज

Illegal Weapons Hidden in Forest Recovered, Big Reveal

औरंगाबाद {बिहार}: जिले के कंचनपुर थाना क्षेत्र के जंगली एवं पहाड़ी इलाके में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान एसटीएफ गया जी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। सुरक्षा बलों ने कंचनपुर गांव के बगल बगीचा की तरफ जंगल एवं पहाड़ी क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाकर छिपाकर रखी गई एक देसी कार्बाइन, एक मैगज़ीन एवं स्लाइड व स्प्रिंग बरामद की है।

गुप्त सूचना पर शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन

जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में हथियारों का जखीरा छिपाकर रखे जाने की गुप्त सूचना सुरक्षा बलों को मिली थी। मंगलवार की देर शाम सूचना मिलते ही एसटीएफ गया जी ने कंचनपुर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान शुरू किया। जवानों ने संदिग्ध इलाके की घेराबंदी कर जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान जंगल में छिपाकर रखी गई एक देसी कार्बाइन, मैगज़ीन एवं स्लाइड व स्प्रिंग बरामद हुई। हथियार मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने आसपास के इलाकों में भी सर्च अभियान चलाया।

किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं

हालांकि, इस बीच किसी व्यक्ति के गिरफ्तारी की सूचना नहीं है। बरामद हथियार को जब्त कर पुलिस आगे की जांच में जुट गई है। सुरक्षा बल अब बरामद देसी कार्बाइन के स्रोत और इसे जंगल में छिपाकर रखने वाले लोगों की पहचान करने में जुटे हैं। बताया गया है कि यह संयुक्त कार्रवाई पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा और एसटीएफ गया जी के नेतृत्व में अंजाम दी गई।

नक्सल प्रभावित इलाकों में बढ़ी सक्रियता

सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई से नक्सल प्रभावित पहाड़ी और जंगली इलाके में सक्रिय संदिग्ध तत्वों के बीच हड़कंप मच गया है। वहीं, ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी जवानों की सक्रियता बढ़ाई गई है। फिलहाल बरामद देसी कार्बाइन को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

हथियार किसने छिपाए, जांच में जुटी पुलिस

कंचनपुर प्रभारी थानाध्यक्ष सुभाष कुमार ने बताया कि पुलिस हथियार की जांच के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि इसे जंगल में किसने और किस उद्देश्य से छिपाकर रखा था। क्षेत्र में नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने और जंगल में छिपे हथियारों की तलाश के लिए संयुक्त सर्च ऑपरेशन लगातार जारी रहेगा, ताकि सुरक्षाबलों पर नक्सलियों के हमले के मंसूबों को नाकाम किया जा सके।

यह भी पढ़े: भूमि धोखाधड़ी मामले में कांग्रेस नेता और बेटे समेत तीन आरोपी फरार, कोर्ट के आदेश पर ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी