जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक

दिशा की बैठक में इमरान मसूद और आशु मलिक आमने-सामने, तीखी नोकझोंक का वीडियो वायरल

Imran Masood, Ashu Malik Clash in Disha Meet

सहारनपुर {उत्तरप्रदेश}। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक उस समय चर्चा में आ गई, जब कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और सपा विधायक आशु मलिक के बीच सवाल उठाने को लेकर तीखी नोकझोंक हो गई। बैठक में मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों और अन्य जनप्रतिनिधियों के बीच हुई बहस का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जनता से जुड़े मुद्दे उठाने पर हुआ विवाद

बताया जा रहा है कि बैठक के दौरान सपा विधायक आशु मलिक जनता से जुड़े मुद्दों और समस्याओं को उठाने की बात कह रहे थे। इसी दौरान सांसद इमरान मसूद ने आपत्ति जताते हुए कहा कि आप दूसरों को बोलने नहीं दे रहे हैं। इस पर आशु मलिक ने पलटकर कहा कि यदि आप चुप होंगे तो हम बोलेंगे। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े सवाल हैं और उन्हें बैठक में उठाया जाएगा। दोनों नेताओं के बीच कुछ देर तक तीखी बहस होती रही।

अधिकारियों ने संभाला मामला

इस दौरान बैठक का माहौल गर्म हो गया। मौके पर मौजूद अधिकारियों और अन्य जनप्रतिनिधियों ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया। हालांकि कुछ देर बाद मामला शांत हो गया और बैठक की कार्यवाही आगे जारी रही। इमरान मसूद और आशु मलिक के बीच राजनीतिक मतभेद पहले भी कई मौकों पर सामने आते रहे हैं। ऐसे में दिशा की बैठक में हुई यह नोकझोंक भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है।

करीब चार घंटे चली दिशा की बैठक

बताया गया कि दिशा की बैठक करीब चार घंटे तक चली। बैठक की प्रशासन की ओर से वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई। इसी बीच नेताओं के बीच हुई बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद यह मामला तेजी से चर्चा में आ गया। फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम को लेकर सांसद इमरान मसूद और विधायक आशु मलिक की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

यह भी पढ़े: भारत-नेपाल रक्षा संबंधों को नई मजबूती, सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने PM बलेंद्र शाह से की मुलाकात