कोतवाली नगर थाने में एसपी दीपक भूकर ने मॉडल मिशन श

प्रतापगढ़ में महिला सुरक्षा की नई पहल, कोतवाली नगर में मॉडल मिशन शक्ति केंद्र का उद्घाटन

प्रतापगढ़ में महिला सुरक्षा की नई पहल

प्रतापगढ़: महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रतापगढ़ पुलिस ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने कोतवाली नगर थाने में मॉडल मिशन शक्ति केंद्र का उद्घाटन किया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी आलोक कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय भी मौजूद रहे। मॉडल मिशन शक्ति केंद्र का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बच्चियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना, उनकी समस्याओं और शिकायतों की प्रभावी सुनवाई सुनिश्चित करना है। इस केंद्र के माध्यम से पीड़ित महिलाओं और बालिकाओं को पुलिस सहायता, आवश्यक मार्गदर्शन और संबंधित सहायता सेवाओं से जोड़ने की व्यवस्था की जाएगी। इससे महिलाएं बिना किसी भय या संकोच के अपनी समस्याएं पुलिस अधिकारियों के सामने रख सकेंगी।

महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को मिलेगा बढ़ावा

केंद्र के जरिए महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और उपलब्ध सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया जाएगा। पुलिस का मानना है कि इस तरह की व्यवस्था से महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम में मदद मिलेगी और जरूरतमंद महिलाओं को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी। साथ ही महिलाओं के प्रति संवेदनशील पुलिसिंग को बढ़ावा मिलेगा और आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत होगा। उद्घाटन कार्यक्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से स्कूली बच्चों और काउंसलर ने भी सहभागिता की। 

प्रतापगढ़ में महिला सुरक्षा को मजबूत करने की पहल

कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी नगर आशुतोष मिश्रा, प्रतिसार निरीक्षक राजीव राय, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर सुभाष कुमार यादव समेत अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। प्रतापगढ़ पुलिस ने महिला सुरक्षा को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल करते हुए स्पष्ट किया कि महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने, उनकी शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई करने तथा उन्हें न्याय दिलाने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे। मॉडल मिशन शक्ति केंद्र इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। 

ये भी पढ़ें- अमेठी में 10वीं की छात्रा मधु पाण्डेय बनीं एक दिन की थाना प्रभारी, मिशन शक्ति के तहत मिली जिम्मेदारी