श्रीनगर एयरपोर्ट पर पार्किंग के दौरान खंभे से टकराया इंडिगो विमान, सभी यात्री और चालक दल सुरक्षित
श्रीनगर (जम्मू और कश्मीर)। नवी मुंबई से श्रीनगर के बीच संचालित होने वाला इंडिगो का एक विमान शुक्रवार को श्रीनगर हवाई अड्डे पर पार्किंग के दौरान विजुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम के एक खंभे से टकरा गया। हादसे में विमान को नुकसान पहुंचा, लेकिन किसी यात्री या चालक दल के सदस्य के घायल होने की सूचना नहीं है।
सुबह लगभग नौ बजे बे नंबर छह पर हुआ हादसा
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने एक बयान में कहा कि उड़ान संख्या 6ई 225 (वीटी-एनओजी) को सुबह नौ बजकर दो मिनट पर बे नंबर छह पर खड़ा किया जा रहा था और इसी दौरान विमान ‘विजुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम’ (वीडीजीएस) के खंभे से टकरा गया। हवाई अड्डे पर बे वह निश्चित स्थान या क्षेत्र होता है जहां विमान को खड़ा किया जाता है।
सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित
एएआई ने बयान में कहा, ‘‘सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।’’ इसने कहा कि यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को विमान से उतरने के लिए सीढ़ियों का इस्तेमाल किया गया। एएआई ने कहा कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित अधिकारी घटना के कारणों की जांच करेंगे।
हवाई अड्डे पर परिचालन सामान्य
बयान में कहा गया, ‘‘जांच पूरी होने के बाद ही घटना के सही कारण का पता चलेगा और इस स्तर पर कारण को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला जा रहा है।’’ इसमें कहा गया कि हवाई अड्डे पर परिचालन सामान्य रहा और उड़ानों का आगमन तथा प्रस्थान निर्धारित समय के अनुसार जारी रहा। (इनपुट: भाषा)
यह भी पढ़ें: भारत-जापान राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ पर 22 सितंबर को पहली बार टी20 में भिड़ेंगी टीमें