इंदौर में मनचले ने AI से बनाए छात्रा के आपत्तिजनक फोटो, ब्लैकमेल कर तुड़वाई सगाई, केस दर्ज
इंदौर। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस AI का दुरुपयोग का एक बेहद चौंकाने वाला और गंभीर मामला शहर में सामने आया है। यहाँ एक मनचले ने कॉलेज में पढ़ने वाली एक छात्रा को बदनाम करने और उसकी जिंदगी बर्बाद करने की नीयत से उसके डीपफेक (आपत्तिजनक) फोटो तैयार किए। आरोपी ने इन तस्वीरों के सहारे न सिर्फ युवती को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और ब्लैकमेल किया, बल्कि उसकी सगाई भी तुड़वा दी। पीड़िता की शिकायत पर इंदौर की बाणगंगा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह है पूरा मामला
बाणगंगा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता इंदौर के एक कॉलेज की छात्रा है। आरोपी पिछले कुछ समय से उसे लगातार परेशान कर रहा था। आरोपी ने सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से छात्रा की साधारण तस्वीरें हासिल कीं और फिर AI टूल का इस्तेमाल करके उन तस्वीरों को एडिट कर बेहद आपत्तिजनक और अश्लील (Deepfake) बना दिया।
तस्वीरें वायरल करने की धमकी और फिर ब्लैकमेल किया
आरोपी इन तस्वीरों के जरिए छात्रा को लगातार डरा-धमका रहा था। उसने पीड़िता को धमकी दी कि अगर उसने उसकी बात नहीं मानी तो वह इन अश्लील तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा और उसके रिश्तेदारों व दोस्तों को भेज देगा। बदनामी के डर से छात्रा लंबे समय तक इस मानसिक तनाव को झेलती रही।
साजिश रचकर तुड़वाई सगाई
आरोपी की दरिंदगी यहीं नहीं रुकी। जब उसे पता चला कि छात्रा की सगाई तय हो गई है, तो उसने छात्रा के मंगेतर और उसके परिवार तक पहुंच बनाई। आरोपी ने AI से तैयार की गई उन फर्जी और आपत्तिजनक तस्वीरों को छात्रा के मंगेतर के पास भेज दिया। इन तस्वीरों को सच मानकर लड़के वाले पीछे हट गए, जिसके कारण छात्रा की तय हो चुकी सगाई टूट गई।
परिजन ने की लिखित शिकायत, पुलिस की कार्रवाई
सगाई टूटने और आरोपी के लगातार बढ़ते हौसलों से तंग आकर आखिरकार पीड़िता ने अपने परिवार को पूरी बात बताई। इसके बाद परिजनों के साथ बाणगंगा थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। बाणगंगा थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट (IT Act) और ब्लैकमेलिंग सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस साइबर सेल की मदद से आरोपी की तलाश कर रही है और उसके डिजिटल डिवाइस को जब्त करने का प्रयास किया जा रहा है जिससे यह तस्वीरें बनाई गई थीं।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/girls-shine-in-cbse-class-12-results/204260