मोतिहारी में इंस्टाग्राम के प्यार का सुखद अंत, दो साल के प्रेम संबंध के बाद मंदिर में रचाई शादी
मोतिहारी (बिहार)। जिले के छतौनी इलाके में सोशल मीडिया से परवान चढ़ी एक प्रेम कहानी आखिरकार शादी के मुकाम तक पहुंच गई। इंस्टाग्राम के जरिए करीब दो साल पहले एक-दूसरे के संपर्क में आए आरती और देवा दास ने स्थानीय लोगों की पहल पर एक स्थानीय मंदिर में पूरे विधि-विधान से विवाह कर लिया। इस अनोखी शादी की पूरे इलाके में चर्चा हो रही है।
इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई मुलाकात
जानकारी के अनुसार, शहर के हेनरी बाजार की रहने वाली आरती और छतौनी निवासी देवा दास की मुलाकात दो साल पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी, जो बाद में प्यार में बदल गई। इसके बाद दोनों चोरी-छिपे मिलने लगे। जब परिवार वालों को इस रिश्ते की भनक लगी, तो उन्होंने पाबंदियां लगा दीं। परिवार की नाराजगी के बीच प्रेमी जोड़ा कुछ समय के लिए घर छोड़कर भी इधर-उधर रहा।
आपसी सहमति से शादी कराने का फैसला
इस दौरान प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि युवक की पिटाई भी हुई और मामला पुलिस तक जा पहुंचा। पुलिस ने दोनों को समझा-बुझाकर उनके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया था। हालांकि, इसके बावजूद दोनों का मिलना-जुलना जारी रहा। लगातार मिल रही इन जानकारियों के बाद मोहल्ले के लोगों ने हस्तक्षेप करने का निर्णय लिया। संभ्रांत लोगों ने दोनों पक्षों के परिवारों को आमने-सामने बैठाकर बातचीत की और आपसी सहमति से उनकी शादी कराने का फैसला किया।
मंदिर में विवाह के लिए तमाम व्यवस्थाएं
इसके बाद मंदिर में विवाह के लिए तमाम व्यवस्थाएं की गईं। मोहल्लेवासियों ने माला मंगवाई और पंडित को बुलाकर मंत्रोच्चार के बीच विवाह की रस्में पूरी कराईं, जहां देवा ने आरती की मांग में सिंदूर भरकर उसे अपनी जीवनसंगिनी बना लिया। शादी के बाद आरती ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि दो साल पहले इंस्टाग्राम से शुरू हुआ सफर अब मुकाम पर पहुंच गया है। परिवार की शुरुआती नाराजगी के बाद अब सबकी रजामंदी से वह बेहद खुश है। वहीं, समाजसेवी संजीत कुमार उर्फ मुन्ना ने बताया कि लगातार मिल रही सूचनाओं के बाद समाज के लोगों ने मिलकर विचार किया कि यदि इनकी शादी करा दी जाए, तो विवाद हमेशा के लिए खत्म हो जाएगा और प्रेमी जोड़े को एक सही राह मिल सकेगी। इसी उद्देश्य से यह पहल की गई।
यह भी पढ़ेंः ठंड बढ़ते ही मौसमी बीमारियों का प्रकोप, अस्पतालों में बढ़े सर्दी-जुकाम और बुखार के मरीज