मेरठ पुलिस को इंस्टाग्राम रील बनाकर फिल्मी अंदाज म

मेरठ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: इंस्टाग्राम रील से खुली लुटेरी ज्योति चौधरी की पोल, हरिद्वार से गिरफ्तार

Instagram Reel Leads to Robber's Arrest in Meerut Loot Case

मेरठ (उत्तर प्रदेश)। मेरठ पुलिस को इंस्टाग्राम रील बनाकर फिल्मी अंदाज में खुली चुनौती देना एक लुटेरी महिला को भारी पड़ गया। पेटीएम कंपनी के एक टीम लीडर से हुई सनसनीखेज लूट के मामले में फरार चल रही आरोपी ज्योति चौधरी को मेरठ पुलिस ने हरिद्वार से धर दबोचा है। दिलचस्प बात यह है कि ज्योति हाल ही में शादी कर अपने पति के साथ हनीमून मनाने गई थी। फरारी के दौरान भी वह इंस्टाग्राम पर लगातार रील और पोस्ट शेयर कर रही थी, जो आखिरकार उसकी गिरफ्तारी का सबसे बड़ा सुराग बन गई।

'महंगे शौक' के लिए बनी लुटेरी, पहले रागनी प्रोग्राम में करती थी डांस

पुलिस जांच में आरोपी महिला को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, किठौर थाना क्षेत्र के गांव छुछाई की रहने वाली ज्योति चौधरी की पहली शादी बुलंदशहर के ककोड़ थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर जाट निवासी सुनील उर्फ नीतू से हुई थी। वह पहले रागनी कार्यक्रमों में डांसर के रूप में काम करती थी।

पुलिस का दावा है कि अपने महंगे शौक पूरा करने और ऐशो-आराम की जिंदगी जीने के लिए वह अपराध की दुनिया में उतर गई। वह अपने वर्तमान पति के साथ मिलकर लूट और चोरी जैसी वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह में शामिल हो गई।

कांवड़ पटरी मार्ग पर पेटीएम टीम लीडर से की थी लूट

यह पूरा मामला 12 जून की रात का है। मुजफ्फरनगर के रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव मुजाहिदपुर निवासी आकाश शर्मा, जो पेटीएम कंपनी में बड़ौत जोन के टीम लीडर हैं, बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सरधना-पाली कांवड़ पटरी मार्ग स्थित पाली पुल के पास दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें जबरन रोक लिया। बदमाशों ने आकाश के साथ बेरहमी से मारपीट की और उनकी बाइक व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। पीड़ित आकाश शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में साफ तौर पर बताया था कि इस वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों में एक युवती भी शामिल थी।

इंस्टाग्राम रील बनी काल, तीन आरोपी पहले ही जेल में

इस वारदात के बाद से ही ज्योति चौधरी लगातार फरार चल रही थी और पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में भटक रही थीं। इसी बीच उसने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पुलिस को चुनौती देते हुए कहा था, 'शाका मारा जा सकता है लेकिन पकड़ा नहीं जा सकता।' वीडियो तेजी से वायरल हुआ, लेकिन यही चुनौती उसके लिए भारी पड़ गई। पुलिस ने बताया कि ज्योति की शादी 23 जून को मोहित नागर से हुई थी और दोनों हरिद्वार घूमने पहुंचे थे। वहां से लगातार पोस्ट हो रही रीलों ने उसकी लोकेशन उजागर कर दी। इसके बाद मेरठ पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस का सहारा लिया और उसकी सटीक लोकेशन ट्रेस कर शनिवार सुबह हरिद्वार में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

लूट की बाइक, मोबाइल फोन बरामद

सरधना पुलिस इस मामले में पहले ही तत्परता दिखाते हुए तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने उनके पास से लूटी गई बाइक, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली थी। अधिकारियों ने बताया कि, "सोशल मीडिया पर दिखावे और पुलिस को चुनौती देने की कोशिश आखिरकार आरोपी महिला के लिए ही सबसे बड़ी भूल साबित हुई। जिस इंस्टाग्राम पर वह बेखौफ होकर वीडियो पोस्ट कर रही थी, उसी ने उसकी लोकेशन उजागर कर दी। अब पूरे गिरोह के नेटवर्क की जांच की जा रही है।"

यह भी पढ़ें: बाराबंकी में STF का छापा, नकली चाय पत्ती बनाने वाली अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़