राजनांदगांव में अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार
राजनांदगांव,(छत्तीसगढ़)। पुलिस ने अंतर्राज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साइबर थाना और लालबाग पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चोरी की छह मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। आरोपी चोरी की गाड़ियों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उनका इस्तेमाल करते थे। पुलिस अब आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर हुई कार्यवाही
पुलिस के मुताबिक, पेण्ड्री निवासी शुभम यादव की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल 8 जुलाई को शेरे पंजाब ढाबा के पास से चोरी हो गई थी। शिकायत के आधार पर थाना लालबाग में मामला दर्ज कर साइबर सेल और लालबाग पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने पेण्ड्री हाईवे स्थित देवांगन ढाबा के पास घेराबंदी कर तीन संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया।
कुल छह चोरी की मोटरसाइकिल बरामद
पूछताछ में आरोपियों ने राजनांदगांव से एक, रायपुर शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से चार और महाराष्ट्र के आमगांव क्षेत्र से एक मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल छह चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी वाहनों की पहचान छिपाने के लिए मूल नंबर प्लेट हटाकर फर्जी नंबर प्लेट लगाते थे। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ेंः बैतूल में जहरीले दाने खाने से पांच मोरों की मौत, वन विभाग ने आरोपी को किया गिरफ्तार