थाना लाइन बाजार पुलिस एवं संयुक्त टीम ने लगभग तीन

जौनपुर में ₹3 करोड़ की साइबर ठगी का भंडाफोड़, अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार

Interstate Cyber Fraud Racket Busted, Accused Arrested in Jaunpur

जौनपुर (उत्तर प्रदेश)। जनपद पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना लाइन बाजार पुलिस एवं संयुक्त टीम ने लगभग तीन करोड़ रुपये की साइबर ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी व्हाट्सएप ग्रुपों पर बजाज कंपनी से लोन दिलाने, इन्वेस्टमेंट प्लान, टूर एंड ट्रैवल्स, इंश्योरेंस पैकेज तथा अन्य आकर्षक योजनाओं के प्रचार-प्रसार के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर करोड़ों रुपये की ठगी करता था।

भारी मात्रा में फर्जी दस्तावेज और उपकरण बरामद

पुलिस के अनुसार, दिनांक 12 जून 2026 को थाना लाइन बाजार के प्रभारी निरीक्षक महेश पाल सिंह ने अपनी टीम के साथ सुखलालगंज रेलवे क्रॉसिंग के पास रात लगभग 8:30 बजे कार्रवाई करते हुए आरोपी शुभम सिंह पुत्र अनिल सिंह निवासी पपरावन, थाना बरसठी, जनपद जौनपुर, उम्र लगभग 30 वर्ष को गिरफ्तार किया। अभियुक्त के कब्जे से एक कूटरचित आधार कार्ड, चार सिम कार्ड, तीन कीपैड मोबाइल फोन, 15 एटीएम कार्ड, 9 बैंक पासबुक तथा 7 चेकबुक विभिन्न व्यक्तियों के नाम से बरामद की गई हैं।

कई राज्यों में दर्ज हैं साइबर अपराध के मामले

पुलिस के अनुसार इन दस्तावेजों और बैंक खातों का उपयोग साइबर ठगी के लिए किया जाता था। जांच में पता चला कि अभियुक्त के विरुद्ध विभिन्न राज्यों में साइबर अपराध से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। इनमें महाराष्ट्र के मुंबई स्थित पंतनगर थाने में मुकदमा संख्या 190/26 तथा साइबर क्राइम थाना जौनपुर में मुकदमा संख्या 33/26 सहित अन्य मामले पंजीकृत हैं। यह गिरफ्तारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुमार अनुपम सिंह के निर्देशन में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई।

यह भी पढ़ें: एलाऊ गांव में पंचायत वोटर लिस्ट से कटे सैकड़ों नाम, ग्रामीणों ने बीएलओ के खिलाफ खोला मोर्चा