आजमगढ़ में पुलिस मुठभेड़ के बाद अंतर्राज्यीय टप्पेबाज गैंग का भंडाफोड़, सरगना समेत 5 गिरफ्तार
आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश)। थाना सिधारी पुलिस ने तड़के अन्तर्राज्यीय टप्पेबाज गैंग के सरगना सहित 5 बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की गोली लगने से गैंग का सरगना घायल हुआ है। प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम सुबह करीब 5:45 बजे छतवारा चौराहे पर चेकिंग कर रही थी। मुखबिर से सूचना मिली कि दवा बेचने की आड़ में ठगी करने वाले बदमाश मारुति 800 से खेमऊपुर-इटौरा होते हुए आजमगढ़ आ रहे हैं। पुलिस ने खेमऊपुर नहर पुलिया पर घेराबंदी की।
मुठभेड़ में एक बदमाश को लगी गोली
पुलिस को देखकर वाहन सवार भागने लगे। एक बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की जिसमें गैंग का सरगना ध्यान सिंह पुत्र अतर सिंह निवासी वाकरपुर अटायन, थाना भोजपुर, मुरादाबाद के दाहिने पैर में गोली लगी। उसे हिरासत में लेकर सदर अस्पताल भेजा गया। मौके से उसके 4 अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया गया।
नकली दवाओं को बेचने का करते थे काम
पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि वे गांव-शहर में जाकर दवा बेचने के नाम पर लोगों से संपर्क करते थे। यौन रोग और कमजोरी का झांसा देकर नकली दवा देते और मोटी रकम ऐंठ लेते थे। 2 अगस्त को इन्होंने पवई में एक दुकान से 5000 रुपये की चोरी भी की थी। सरगना ध्यान सिंह पर लखनऊ, आजमगढ़ और पवई में धोखाधड़ी, ठगी के 3 मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
बरामदगी
01 तमंचा, 02 जिंदा कारतूस, 01 खोखा, 3000 रुपये, 01 आधार कार्ड, 12 दवाखाने के विजिटिंग कार्ड और 01 मारुति 800 कार।
गिरफ्तार अभियुक्त
ध्यान सिंह पुत्र अतर सिंह - मुरादाबाद - मुठभेड़ में घायल, छत्रपाल पुत्र गोपाली - उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड, कुलदीप पुत्र चुन्ना - मुरादाबाद, राजा पुत्र सुनील - मुरादाबाद, सरिता सिंह पत्नी ध्यान सिंह - मुरादाबाद
यह भी पढ़ेंः मोतिहारी में त्रिवेणी कैनाल टूटी, हजारों एकड़ धान की फसल जलमग्न होने की आशंका