रामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम डेंगरहा में बुधवार रा

नशे में धुत बेटे ने पिता-बहन पर रॉड से किया हमला, दोनों गंभीर

Intoxicated son attacks father and sister with rod

रामनगर {मध्य प्रदेश}: रामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम डेंगरहा में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां शराब के नशे में एक युवक ने मामूली बात पर अपने ही पिता और बहन पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल भेजा गया है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार है।

शराब के नशे में घर पहुंचा था आरोपी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम डेंगरहा निवासी ज्ञानेश कुमार द्विवेदी उर्फ सोनू (27) बुधवार रात शराब के नशे में घर पहुंचा था। किसी बात को लेकर परिवार में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और ज्ञानेश ने पहले डंडे और फिर घर में रखी लोहे की रॉड से पिता अंजनी प्रसाद द्विवेदी (58) और बहन सुलोचना द्विवेदी (24) पर हमला कर दिया।

सिर और चेहरे पर आई गंभीर चोटें

हमला इतना गंभीर था कि पिता और बहन लहूलुहान होकर गिर पड़े। परिजनों के मुताबिक, पिता के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि बहन के सिर पर भी चोट लगी है। दोनों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और परिजनों की मदद से दोनों घायलों को रीवा के संजय गांधी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है और हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

वारदात के बाद आरोपी ज्ञानेश कुमार द्विवेदी मौके से फरार हो गया। रामनगर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।

यह भी पढ़: नवंबर में उठनी थी डोली, नदी में मिला 10 दिन से लापता युवती का शव