UP : शोरूम व दुकानों में काम करने वाले कर्मचारियों को विश्राम देना हुआ अनिवार्य
UP News : उत्तर प्रदेश में महिलाओं को रात्रिकालीन शिफ्ट में काम करने की अनुमति देने के बाद अब राज्य की योगी सरकार के श्रम विभाग ने शोरूम और दुकानों में काम करने वाले कर्मचारियों को भी रेस्ट देने का हक प्रदान किया है। ऐसे कर्मचारियों को अब हर आधे घंटे में दो से पांच मिनट आराम अनिवार्य किया गया है। इसके लिए दुकान नियमावली में संशोधन किया गया है। केरल और तमिलनाडु जैसे राज्यों में ऐसे कानूनी प्रावधान पहले से हैं।
यूपी समेत सभी राज्यों में रीटेल और खुदरा स्टोर में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए सामान्यतया बैठने व रेस्ट पर अघोषित प्रतिबंध रहता है। घंटों खड़े रहने से इन कर्मचारियों के पैरों और टखनों में सूजन, पीठ के निचले हिस्से में दर्द जैसी समस्याएं आम हैं। श्रम विभाग ने इस ज्यादती पर अंकुश लगाते हुए कर्मचारियों को आधे घंटे में दो से पांच मिनट आराम अनिवार्य किया है।
सामान्यतया देखा गया है कि बाजारों व मॉल में तमाम खुदरा एवं बिक्री स्टोर (रिटेल और सेल्स स्टोर्स) ऐसे हैं जहां कर्मचारी लंबे समय तक खड़े रहते हैं। हजारों करोड़ रुपये टर्नओवर वाली इन कंपनियों के बड़े-बड़े शोरूम में कर्मचारियों के बैठने की कोई व्यवस्था नहीं होती है। मॉल में काम करने वाले सफाई और अन्य कर्मचारियों के लिए भी बैठना किसी अपराध से कम नहीं होता। लंबे समय तक खड़े रहने से कर्मचारियों में दर्द, जोड़ों का दर्द, रक्त संचार जैसी कई समस्याएं तेजी से बढ़ी हैं।
केरल और तमिलनाडु जैसे राज्यों में ऐसे कानूनी प्रावधान
श्रम एवं सेवायोजन विभाग ने इसका संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश दुकान एवं वाणिज्यिक प्रतिष्ठान नियमावली 1962 की धारा 28 (क) में संशोधन किया है। इसके तहत दुकानों और प्रतिष्ठानों के मालिकों से बैठने की सुविधा (जैसे कुर्सी, स्टूल या बॅच) उपलब्ध कराना अनिवार्य किया गया है ताकि कर्मचारी समय-समय पर आराम कर सकें। उन्हें आधे घंटे में 2-5 मिनट के लिए आराम अनिवार्य किया गया है। केरल और तमिलनाडु जैसे राज्यों में ऐसे कानूनी प्रावधान हैं। अब यूपी भी इस तरह के प्रगतिशील कदम उठाने में शामिल हो गया है।
महिलाओं की रात्रिकालीन पाली के समय में संशोधन का आदेश जारी
यूपी के श्रम विभाग ने महिलाओं की रात्रिकालीन पाली के समय में संशोधन का आदेश भी जारी कर दिया है। पहले रात की पाली शाम 9 से सुबह 6 बजे तक थी। अब इसे संशोधित कर शाम 7 बजे से सुबह 6 बजे कर दिया गया है। इसके अलावा अब हर कर्मकार को नियुक्तिपत्र देने की व्यवस्था की गई है जो पहले नहीं थी।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/all-muslims-would-be-in-pakistan-and-hindus-here-statement-by-giriraj-singh/97842