ITBP के तिगड़ी कैंप में हावा द्वारा हरियाली तीज मह

हिमवीर वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन (हावा) ने हर्षोल्लास के साथ मनाया हरियाली तीज महोत्सव

ITBP HAWA Celebrates Hariyali Teej

नई दिल्ली। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के बल-परिवारों के कल्याण के लिए समर्पित हिमवीर वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन (हावा) ने आज रविवार को हरियाली तीज महोत्सव हर्षोल्लास एवं पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया। इस भव्य आयोजन की मेजबानी 22वीं वाहिनी, आईटीबीपी, तिगड़ी कैंप, नई दिल्ली द्वारा की गई।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और तीज क्वीन प्रतियोगिता

इस अवसर पर हावा सदस्याओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, मेहंदी, तीज क्वीन प्रतियोगिता एवं अन्य पारंपरिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। लोकगीतों की मधुर स्वर-लहरियों और पारंपरिक झूलों ने उत्सव को विशेष आकर्षण प्रदान किया तथा भारतीय सांस्कृतिक विरासत की मनमोहक छटा बिखेरी।

भारती कपूर का प्रेरणादायक संबोधन

हावा की अध्यक्षा भारती कपूर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सभी हिमवीर परिवारों को हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने कहा, "हरियाली तीज भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं का अभिन्न पर्व है। यह प्रेम, समर्पण और विश्वास का प्रतीक होने के साथ-साथ हमें अपनी सांस्कृतिक विरासत को संजोने और भावी पीढ़ियों तक पहुँचाने की प्रेरणा देता है। ऐसे पर्व पारिवारिक संबंधों को सुदृढ़ करते हैं और हमारी सांस्कृतिक पहचान को जीवंत बनाए रखते हैं।"

सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का आह्वान

उन्होंने हावा सदस्याओं से भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं को गर्व के साथ अपनाने और उन्हें अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, "हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत ही हमारी वास्तविक पहचान है और उसका संरक्षण हम सभी का सामूहिक दायित्व है।" कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण हावा सदस्यों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं तीज क्वीन प्रतियोगिता रहीं, जिनका उपस्थित सभी लोगों ने भरपूर आनंद लिया। इस अवसर पर हावा की वरिष्ठ सदस्य भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

यह भी पढ़ें: राष्ट्रपति के स्वतंत्रता दिवस 'एट होम' निमंत्रण में दिखेगी छत्तीसगढ़, गोवा, MP और महाराष्ट्र की सांस्कृतिक झलक