भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) ने माउंट अबी गामिन प

ITBP के पर्वतारोहियों ने 7,355 मीटर ऊंची माउंट अबी गामिन चोटी फतह की, पदक विजेता खिलाड़ियों का भी सम्मान

ITBP Mountaineers Summit Peak

नई दिल्ली: भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) ने माउंट अबी गामिन पर्वतारोहण अभियान-2026 की सफलता के बाद नई दिल्ली स्थित महानिदेशालय में फ्लैग-इन समारोह आयोजित किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बल के खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ITBP के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर रहे।

16 सितंबर को पूरी की चोटी की सफल चढ़ाई

समारोह की शुरुआत उप महानिरीक्षक (स्पोर्ट्स) पवन मलिक के स्वागत संबोधन से हुई। इसके बाद माउंट अबी गामिन पर्वतारोहण अभियान दल का फ्लैग-इन किया गया। ITBP के अनुसार, अभियान दल ने 16 सितंबर 2026 को 7,355 मीटर ऊंची माउंट अबी गामिन चोटी का सफल आरोहण किया। इस उपलब्धि के साथ बल ने अपनी पर्वतारोहण परंपरा में एक और उपलब्धि जोड़ी। कार्यक्रम के दौरान जनवरी से अक्टूबर 2026 तक विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले ITBP खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। चयनित खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के लिए महानिदेशक प्रशस्ति चिह्न और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए।

Caption

एशियाई खेलों में परवीन और नीरज ने जीते पदक

ITBP की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, जापान में आयोजित 20वें एशियाई खेल-2026 में सहायक उप निरीक्षक (GD) परवीन ने मुक्केबाजी में स्वर्ण पदक जीता। वहीं, सिपाही (GD) नीरज चौहान ने तीरंदाजी में एक रजत और एक कांस्य पदक हासिल किया। इन उपलब्धियों के लिए दोनों खिलाड़ियों की सराहना की गई।

महानिदेशक ने पर्वतारोहियों और खिलाड़ियों को दी बधाई

ITBP के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने सफल पर्वतारोहण अभियान दल और पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पर्वतारोहण बल की कार्यसंस्कृति का अहम हिस्सा है। इससे हिमवीरों की शारीरिक क्षमता, मानसिक दृढ़ता और दुर्गम परिस्थितियों में काम करने की दक्षता विकसित होती है। उन्होंने यह भी कहा कि खेलों से अनुशासन, टीम भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन की प्रेरणा मिलती है। महानिदेशक ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों में प्रशिक्षकों और टीम प्रबंधकों के योगदान की भी सराहना की।

Caption

आधुनिक प्रशिक्षण और सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध ITBP

महानिदेशक ने कहा कि ITBP अपने पर्वतारोहियों और खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और आवश्यक प्रोत्साहन देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बल के जवान भविष्य में भी अपने साहस, कौशल और समर्पण के दम पर नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेंगे। कार्यक्रम में अपर महानिदेशक (मुख्यालय) संजय गुंज्याल समेत बल के वरिष्ठ अधिकारी, पर्वतारोहण अभियान दल के सदस्य, खिलाड़ी, प्रशिक्षक और टीम प्रबंधक मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें: कानपुर में कार की छत पर युवक को लिटाकर 1.5 किमी तक दौड़ाई गाड़ी, इलाज के दौरान मौत; CCTV में कैद वारदात