जमुई के नीमारंग मोहल्ले में शुक्रवार शाम से लापता

जमुई में 7 वर्षीय बच्ची का शव मिलने से सनसनी, पुलिस ने शुरू की गहन जांच

Body of 7-Year-Old Girl Found Near Under-Construction House, Probe Underway

जमुई (बिहार)। टाउन थाना क्षेत्र के नीमारंग मोहल्ले में शनिवार सुबह एक 7 वर्षीय बच्ची का शव अर्धनिर्मित मकान की बाउंड्री के पास मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृत बच्ची की पहचान सहाना खातून, पिता मोहम्मद इकबाल के रूप में हुई है।

शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे से लापता थी बच्ची

बताया जा रहा है कि बच्ची शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे राशन का सामान लेने के लिए घर से निकली थी। रात करीब 8 बजे तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी बच्ची का पता नहीं चला। शनिवार सुबह परिजन थाने में गुमशुदगी की सूचना देने की तैयारी कर रहे थे, तभी बच्ची का शव मिलने की जानकारी मिली।

अर्धनिर्मित मकान की बाउंड्री के पास मिला बच्ची का शव

परिजन मौके पर पहुंचे तो अर्धनिर्मित मकान की बाउंड्री के पास बच्ची का शव पड़ा मिला। बच्ची के पिता मोहम्मद इकबाल ने आशंका जताई कि उनकी बेटी के साथ गलत काम करने के बाद उसकी हत्या की गई है। हालांकि, पुलिस ने अभी इस आरोप की पुष्टि नहीं की है। वार्ड पार्षद अफरोज आलम ने भी बच्ची के साथ अनहोनी की आशंका जताते हुए मामले की गहन जांच की मांग की है।

घटनास्थल से एक चप्पल बरामद

घटना की सूचना मिलते ही जमुई एसपी विश्वजीत दयाल और टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से एक चप्पल बरामद किया है, जिसकी जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। मामले की जांच के लिए डॉग स्क्वायड और भागलपुर से FSL टीम को बुलाया गया है।

डॉग स्क्वायड और FSL टीम जांच मे जुटी

जमुई एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि शुक्रवार से लापता बच्ची का शव निर्माणाधीन मकान की बाउंड्री के पास मिला है। डॉग स्क्वायड और FSL टीम से घटनास्थल की जांच कराई जा रही है। मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है और घटना का जल्द उद्भेदन करने का प्रयास किया जा रहा है। 

यह भी पढ़ेंः औरंगाबाद में बारिश का फायदा उठाकर घर में चोरी, कुत्ते के मुंह पर टेप लगाकर लाखों के जेवर ले गए चोर