जांजगीर-चांपा में दुल्हन ने नशे में पहुंचे दूल्हे से शादी से इनकार, बिना दुल्हन लौटी बारात
जांजगीर-चांपा (छत्तीसगढ़)। जिले के खोखरा गांव में शादी समारोह के दौरान एक अनोखा मामला सामने आया। कोसमन्दा गांव पहुंची बारात उस समय वापस लौट गई जब दुल्हन ने शराब के नशे में पहुंचे दूल्हे से शादी करने से इनकार कर दिया। वारदात के बाद मौके पर पहुँची पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
दुल्हन ने दूल्हे से शादी करने से किया इनकार
जानकारी के अनुसार, गांव में बारात निर्धारित समय पर उत्साह के साथ पहुंची थी। आरोप है कि दूल्हा, उसका भाई और कुछ अन्य रिश्तेदार शराब के नशे में थे। यह देख दुल्हन मुस्कान ने नशे में पहुंचे दूल्हे से शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई।
बारात बिना दुल्हन के लौटी
विवाद बढ़ने पर चांपा SDOP और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और समझाइश देकर मामला शांत कराया। इसके बाद बारात बिना दुल्हन के लौट गई। बाद में इस फैसले को लेकर दुल्हन के साहस की चर्चा पूरे क्षेत्र में होने लगी।
दुल्हन मुस्कान बनी नशा विरोधी अभियान की यूथ आइकॉन
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय ने दुल्हन मुस्कान के फैसले की सराहना की और उसे आगे की पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित किया। 10वीं तक पढ़ी मुस्कान को परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलर की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। साथ ही, उसे नशा विरोधी अभियान में यूथ आइकॉन बनाया गया है। साथ ही पांडेय ने कहा कि कोसमन्दा गांव को नशामुक्त गांव बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
यह भी पढ़े: चंदौली में पंजाब से बिहार जा रही 58 लाख की अवैध शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार