UP की 403 सीटों पर उम्मीदवार उतारने की तैयारी, दिव्या मित्तल ने बताई रणनीति
मिर्ज़ापुर: नौकरशाही को त्याग कर राजनीति में उतरी पूर्व IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने जिले के चुनार क्षेत्र के भ्रमण के दौरान बड़ा राजनीतिक ऐलान किया है। जनमानस के बीच बातचीत में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर जहां जरूरत होगी और अच्छे प्रत्याशी मिलेंगे, वहां से प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतारे जाएंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मिर्ज़ापुर की चुनार विधानसभा सीट से भी अपना प्रत्याशी उतारकर चुनाव लड़ाएंगी।
मिर्जापुर की बदहाली पर उठाए सवाल
दिव्या मित्तल के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। वह सत्तापक्ष से गठबंधन भी कर सकती हैं क्या? शनिवार को अपने चुनार विधानसभा क्षेत्र में भ्रमण के दौरान उन्होंने लोगों का अभिवादन करते हुए अपनी बात रखते हुए कहा कि चुनार विधानसभा क्षेत्र से भी जननीति भारत का अपना उम्मीदवार होगा। यहां से पार्टी पूरी मजबूती के साथ विधानसभा का चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि जननीति भारत पार्टी को लगातार लोगों का स्नेह समर्थन मिल रहा है। लोगों का जन सैलाब और कारवां बढ़ता ही जा रहा है। इसके साथ ही कहा कि अंग्रेजों के शासनकाल में यह जिला व्यापारिक हब हुआ करता था, लेकिन आज वही मिर्ज़ापुर बदहाली का शिकार हो चुका है। यहां बनाई गईं इमारतें जो कि आज भी अपनी एक अलग गाथा कहती नजर आ रही हैं, वह अपने अस्तित्व को बचाए रखने की जंग लड़ रही हैं।
मिर्जापुर के विकास के लिए एकजुट होने की अपील
पीतल के बर्तनों का व्यवसाय इस शहर की पहचान थे। साथ ही साथ चुनार तहसील की बात करें तो यहां चीनी मिट्टी के बर्तन बनाने के कारखाने थे, लेकिन इनकी उपेक्षा ने सब कुछ नष्ट कर दिया। मिर्जापुर के गुलाबी पत्थर जो आज भी लखनऊ के अंबेडकर पार्क की कहानी की नई इबारत लिख रहे, बावजूद इसके यह जिला पिछड़ा हुआ क्यों है। इसके लिए सभी को आवाज उठानी है। मिर्ज़ापुर के वैभव को बरकरार रखने के लिए और राजनीतिक नहीं जननीति की बात के लिए सभी को कमर कस कर एकजुट होकर जननीति भारत को मजबूत बनाना होगा। इस दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों, गांवों का भ्रमण करते हुए व्यापक पैमाने पर भ्रमण कर जन सम्पर्क कर लोगों से संवाद स्थापित किया है। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे हैं।
ये भी पढे़ं- बलिया में सामूहिक विवाह समारोह का हुआ आयोजन, 76 जोड़ों की हुई शादी