जौनपुर में जर्जर राजभवन का हिस्सा भरभराकर गिरा, टला बड़ा हादसा
जौनपुर {उत्तरप्रदेश}: शहर के नखास मोहल्ले में स्थित पुराने जर्जर राजभवन के बारजे का एक हिस्सा शनिवार को बारिश के दौरान अचानक टूटकर सड़क पर गिर गया। बारजा गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। संयोग रहा कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। भवन के नीचे मौजूद लोगों ने खतरे को भांपकर समय रहते वहां से हटकर अपनी जान बचाई।
बारिश के दौरान टूटने लगा जर्जर बारजा
बताया गया कि बेनवंशी बस्ती के लोग अक्सर राजभवन के नीचे बैठकर बांस छीलने तथा झपिया समेत बांस से जुड़ी अन्य वस्तुएं बनाने का काम करते हैं। शनिवार को बारिश के दौरान भी कुछ लोग वहां मौजूद थे। इसी दौरान अचानक बारजे का जर्जर हिस्सा टूटने लगा। लोगों ने खतरा महसूस होते ही भागकर सुरक्षित स्थान ले लिया। कुछ ही देर बाद मलबा सड़क पर जा गिरा।
तेज आवाज सुनकर मौके पर जुटे लोग
तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों के अनुसार पुराना राजभवन लंबे समय से जर्जर हालत में है और बारिश के मौसम में इसके हिस्से टूटकर गिरते रहते हैं। इसके बावजूद लोग रोजमर्रा के काम के लिए भवन के नीचे बैठते हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से की सुरक्षा की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जर्जर भवन का निरीक्षण कराकर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।
ये भी पढ़ें: पुलिस पीछे लगी तो हाईवे पर ही रेत गिराने लगा चालक, हाइड्रोलिक उठाकर भागता रहा ट्रैक्टर