जौनपुर में मारपीट के बाद घायल अधेड़ की मौत, मजडिहा गांव में तनाव के चलते पुलिस बल तैनात
जौनपुर (उत्तरप्रदेश)। जौनपुर के शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के मजडिहा गांव में मारपीट की एक घटना ने उस समय गंभीर मोड़ ले लिया, जब घायल अधेड़ की उपचार के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
मां ने बहू और ग्राम प्रधान पर हत्या का लगाया आरोप
बताया जा रहा है कि बीते गुरुवार को उक्त क्षेत्र के मजडिहा गांव में हुए विवाद में अधेड़ चंदन राजभर गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसका इलाज जौनपुर के अस्पताल में चल रहा था, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद मृतक की मां प्रभावती देवी ने अपनी बहू और गांव के प्रधान पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच में जुटी पुलिस
सूचना पर पहुंची शाहगंज कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और संबंधित पक्षों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गांव में पुलिस बल तैनात, हालात पूरी तरह नियंत्रण में
फिलहाल गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढे़ं: 12 साल पुराने मामले में 10 आरोपियों के खिलाफ एसीबी ने पेश की चार्जशीट