जौनपुर में मामूली विवाद के बाद 26 वर्षीय युवक की क

जौनपुर में युवक की पीट-पीटकर हत्या, चारा काटने वाली मशीन से बांधने का आरोप

Jaunpur Man Dies After Brutal Assault, Family Alleges He Was Tied to Fodder Cutter

जौनपुर,(उत्तर प्रदेश)। जिले में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। मामूली विवाद ने ऐसा हिंसक रूप ले लिया कि एक 26 वर्षीय युवक की कथित तौर पर चारा काटने वाली मशीन से बांधकर बेरहमी से पिटाई कर दी गई। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत और मातम का माहौल है, जबकि पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

चारा काटने वाली मशीन से बांधकर पीटा

मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र के राजापुर गांव निवासी 26 वर्षीय दिनेश तिवारी उर्फ मोनू का पड़ोसी महावीर तिवारी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। मृतक के परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने दिनेश को अपने दरवाजे पर लगी चारा काटने वाली मशीन से बांधकर लाठियों से जमकर पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के आने बाद भी युवक के साथ अभद्रता

परिजनों का यह भी आरोप है कि पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद भी आरोपी युवक के साथ अभद्रता करते रहे। बाद में घायल दिनेश को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के समय मृतक की पत्नी अपने मायके गई हुई थी।

तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज

दिनेश तीन भाइयों में सबसे छोटा था और अपने पीछे पत्नी तथा करीब डेढ़ वर्ष की मासूम बेटी को छोड़ गया है। युवक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। क्षेत्राधिकारी विजय चौधरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। 

यह भी पढ़ेंः बलरामपुर में हेडमास्टर की निर्मम हत्या, स्कूल जाते समय रास्ते में धारदार हथियार से हमला