जौनपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने पति और ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप
जौनपुर,(उत्तर प्रदेश)। मड़ियाहूं क्षेत्र में 25 वर्षीय विवाहिता शांति देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। गांव में अमरूद के पेड़ के पास शव मिलने के बाद मायके और ससुराल पक्ष आमने-सामने आ गए। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेज मामले की जांच में जुट गई है।
एक रात पहले शांति ने अपनी जान को खतरा बताया
मायके वालों का आरोप है, कि शादी के बाद से शांति को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। उनका दावा है, कि घटना से एक रात पहले शांति ने फोन कर अपनी जान को खतरा बताया था। शुक्रवार सुबह उसकी मौत की खबर मिली, जिसके बाद परिजनों ने पति समेत ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया।
मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज
वहीं, ससुराल पक्ष का कहना है, कि शांति ने आत्महत्या की है। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षेत्राधिकारी विजय चौधरी के अनुसार, मृतका की शादी वर्ष 2023 में हुई थी और उसकी एक वर्ष की बेटी है। मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ेंः इटावा में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के आरोपी की गिरफ्तारी, फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी का आरोप