जौनपुर में पुलिस का बड़ा एक्शन, एक दिन में 924 वाहनों का चालान, नियम तोड़ने वालों पर चला शिकंजा
जौनपुर: अगर आप भी बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट या फिर बाइक पर तीन सवारी बैठाकर सड़क पर निकलते हैं, तो सावधान हो जाइए। जौनपुर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। जिले में चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान महज एक दिन में 924 वाहनों का चालान किया गया।
पुलिस ने चलाया विशेष चेकिंग अभियान
पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में 3 अक्टूबर को यातायात पुलिस और जिले के सभी थानों की पुलिस ने संयुक्त रूप से विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थानों और संवेदनशील मार्गों पर सघन चेकिंग की गई। पुलिस की इस कार्रवाई का मकसद न सिर्फ यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना, बल्कि अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को भी मजबूत करना रहा।
बिना हेलमेट और तीन सवारी पर कार्रवाई
अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की। वहीं, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, तीन सवारी और वैध दस्तावेजों के बिना वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 924 वाहनों का चालान किया गया।
पंपलेट बांटकर लोगों को किया जागरूक
वहीं, कार्रवाई के साथ-साथ पुलिस ने लोगों को जागरूक करने पर भी जोर दिया। यातायात पुलिस की ओर से सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों से संबंधित पंपलेट वितरित कर लोगों को नियमों का पालन करने की अपील की गई।
सुरक्षित सफर के लिए नियमों का पालन जरूरी
जौनपुर पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों को लेकर अब लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सुरक्षित सफर के लिए यातायात नियमों का पालन करें और खुद के साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।
ये भी पढ़ें: सीएचसी परिसर में जलभराव से दुर्गंध, मच्छरों का प्रकोप बढ़ा