जौनपुर में पुलिस मुठभेड़, हिस्ट्रीशीटर बदमाश के पैर में लगी गोली; दो गिरफ्तार
जौनपुर (उत्तर प्रदेश)। जिले के खुटहन थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
बदमाशों ने पुलिस पर की जानलेवा फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, सुईथा खुर्द नहर पुलिया के पास वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें सरपतहां थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर रिंकू यादव उर्फ ओमप्रकाश यादव के बाएं पैर में गोली लग गई। वहीं, उसका साथी सत्यम लोना उर्फ लल्लू को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
दोनों पर पहले से ही कई गंभीर मामले मे मुकदमे दर्ज
घायल रिंकू यादव को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खुटहन भेजा गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, घायल रिंकू यादव पर जौनपुर, आजमगढ़, प्रयागराज, अमेठी, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर और अयोध्या समेत कई जिलों में हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, चोरी, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट सहित तीन दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं उसके साथी सत्यम लोना के खिलाफ भी गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए मामले की आगे की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान में दर्दनाक हादसा, क्वेटा के पास कोयला खदान विस्फोट में 32 खनिकों की मौत