जौनपुर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और

जौनपुर पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान: 859 वाहनों का चालान, 39 सीज

वाहनों की जांच करती पुलिस

जौनपुर (उत्तर प्रदेश)। जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और सड़कों पर स्टंटबाजी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ जौनपुर पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच के साथ नियम विरुद्ध ब्लैक फिल्म और अनधिकृत हूटर का इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने कुल 859 वाहनों का चालान किया, जबकि 39 वाहनों को सीज कर दिया।

प्रमुख चौराहों, तिराहों, सार्वजनिक स्थानों पर सघन चेकिंग

पुलिस अधीक्षक डॉ. यश वीर सिंह के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान की निगरानी पुलिस अधीक्षक नगर अनंत चंद्रशेखर और अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने की। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने प्रमुख चौराहों, तिराहों, सार्वजनिक स्थानों और अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर सघन चेकिंग की।

वाहनों की पूरी गंभीरता से जांच

इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले, सार्वजनिक स्थानों पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाने और स्टंटबाजी कर अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा खतरे में डालने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा वाहनों में नियम विरुद्ध ब्लैक फिल्म लगाने और अनधिकृत हूटर का प्रयोग करने वालों की भी जांच की गई।

पुलिस ने वाहन चालकों से की अपील

जौनपुर पुलिस ने आमजन और वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़कों पर स्टंटबाजी, खतरनाक तरीके से वाहन चलाने तथा नियम विरुद्ध ब्लैक फिल्म और अनधिकृत हूटर का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस के अनुसार, अभियान का उद्देश्य कानून-व्यवस्था मजबूत करने, अपराध नियंत्रण और जिले में सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है। 

यह भी पढ़ेंः औरंगाबाद में तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत