बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि ज

यूपी में पैर पसारेगी जेडीयू: निशांत कुमार बोले- एनडीए संग 2027 का विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी

Bihar Health Minister Nishant Kumar

पटना (बिहार)। जनता दल (यूनाइटेड) अब बिहार से बाहर अपने पंख फैलाने की रणनीति बना रही है। पार्टी उत्तर प्रदेश में अपने संगठन का विस्तार करेगी और 2027 का विधानसभा चुनाव एनडीए के बैनर तले लड़ने की तैयारी में है। यह जानकारी शनिवार को बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने दी।

उत्तर प्रदेश में जल्द होगी जेडीयू की बड़ी बैठक

निशांत कुमार ने बताया कि यूपी के कार्यकर्ता और आम जनता लंबे समय से वहां एक राज्यस्तरीय बैठक की मांग कर रहे थे। इसी मांग को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने उत्तर प्रदेश में एक बड़ी संगठनात्मक बैठक आयोजित करने का फैसला किया है।

उन्होंने कहा, हमारी पार्टी की मुख्य जड़ें भले ही बिहार में हों, लेकिन देश के अन्य राज्यों, खासकर पूर्वोत्तर में भी हमारी मजबूत उपस्थिति रही है। अब हमारा ध्यान उत्तर प्रदेश पर है, जहां संगठन को मजबूत कर आगे बढ़ा जाएगा।

2027 विधानसभा चुनाव लड़ने पर मंथन जारी

यूपी राजनीति का केंद्र है। राज्य में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। जेडीयू का इरादा वहां चुनावी मैदान में उतरने का है।

निशांत कुमार के मुताबिक, जेडीयू उत्तर प्रदेश में अपने बूते नहीं, बल्कि एनडीए (NDA) के एक सहयोगी दल के रूप में चुनाव लड़ने का प्रयास करेगी। इसको लेकर पार्टी के भीतर विचार-विमर्श जारी है।

एमएलसी चुनाव नतीजों पर खुशी और हार की समीक्षा

बातचीत के दौरान निशांत कुमार ने हाल ही में संपन्न हुए एमएलसी चुनावों के नतीजों पर भी बात की। उन्होंने विजयी एनडीए प्रत्याशियों को बधाई दी।

उन्होंने कहा, एमएलसी चुनाव में बीजेपी को दो और जेडीयू को एक सीट मिली है। यह जीत दर्शाती है कि जनता ने पिछले 20 वर्षों में एनडीए और मेरे पिता द्वारा किए गए विकास कार्यों पर मुहर लगाई है। 

उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि जिन सीटों पर हार का सामना करना पड़ा है, पार्टी उनके कारणों की गंभीरता से समीक्षा करेगी और कमियों को जल्द दूर करेगी। (इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: अनंत सिंह ने नीतीश-लल्लन से तोड़ा नाता, सुप्रीम कोर्ट से जमानत याचिका खारिज होने पर 1 दिसंबर को करेंगे सरेंडर