झालावाड़ में शराब तस्करी का भंडाफोड़, कंटेनर के गुप्त केबिन से 30 लाख की 221 कार्टन शराब बरामद
झालावाड़ (राजस्थान)। जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन स्वच्छता' के तहत बिछीवाड़ा पुलिस थाना व रतनपुर पुलिस चौकी जाब्ते को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बीती रात उदयपुर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग-48 स्थित रतनपुर बॉर्डर पर नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक कंटेनर के गुप्त केबिन से करीब 30 लाख रुपये मूल्य की 221 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
मुखबिर से सूचना मिली सूचना के आधार पर कार्यवाई
बिछीवाड़ा थानाधिकारी देवेन्द्र देवल के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा रतनपुर चौकी के सामने वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि उदयपुर की तरफ से आ रहे एक बंद बॉडी टाटा कंटेनर में गुप्त केबिन बनाकर भारी मात्रा में अवैध शराब गुजरात ले जाई जा रही है। सूचना पर पुलिस ने सतर्कता बढ़ाते हुए उक्त संदिग्ध कंटेनर को रुकवाया।
कंटेनर में 'मशीनरी पार्ट्स' भरे होने का दावा
चालक ने शुरुआत में कंटेनर में 'मशीनरी पार्ट्स' भरे होने का दावा किया, लेकिन कड़ाई से जांच करने पर अंदर वेल्डिंग किया हुआ एक गुप्त केबिन मिला। पुलिस ने कटर की मदद से कंटेनर की लोहे की बॉडी को काटकर देखा, तो अंदर विभिन्न ब्रांड्स की अंग्रेजी शराब के कार्टन ठसाठस भरे हुए पाए गए।
कुल 221 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने केबिन से हरियाणा निर्मित कुल 221 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद की। पुलिस ने मौके से जब्त शराब और ट्रक कंटेनर को कब्जे में लेकर चालक कालुसिंह पुत्र गुलाब सिंह रावत निवासी लक्ष्मीपुरा, पुलिस थाना देवगढ़ जिला राजसमंद को गिरफ्तार कर लिया।
आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और शराब तस्करी के इस पूरे नेटवर्क तथा मुख्य सप्लायर का पता लगाने के लिए गहन अनुसंधान शुरू कर दिया है।
यह भी पढ़ेंः उमरिया में नवोदय विद्यालय कैंपस के आवास में चोरी, जेवरात समेत 74 हजार का सामान पार